बीबीएयू में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां अंतिम चरण में, “योग” महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ में रविवार 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां पूरे उत्साह एवं व्यापक स्तर पर की जा रही हैं। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में योग विभाग एवं योग वेलनेस सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में विगत एक माह से विविध योग संबंधी कार्यक्रमों, कार्यशालाओं, जागरूकता अभियानों एवं अभ्यास सत्रों का आयोजन किया जा रहा है। विश्वविद्यालय परिवार इस संपूर्ण अभियान को “योग महोत्सव” के रूप में मना रहा है।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में प्रतिदिन आयोजित योग सत्रों में कॉमन योगा प्रोटोकॉल (CYP) के अंतर्गत विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का नियमित अभ्यास कराया जा रहा है। इन सत्रों में विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में योग साधक एवं साधिकाएं उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं।

योग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. दीपेश्वर सिंह ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को विशेष एवं भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। उन्होंने बताया कि मुख्य कार्यक्रम 21 जून 2026 को प्रातः 6:00 बजे विश्वविद्यालय परिसर स्थित बिरसा मुंडा प्रेक्षागृह में आयोजित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता करने का आह्वान करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन जीने की एक वैज्ञानिक जीवनशैली है।

योग विभाग के सहायक आचार्य डॉ. नरेंद्र सिंह ने बताया कि योग दिवस के अवसर पर सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज में योग के प्रति बढ़ती जागरूकता अत्यंत सकारात्मक संकेत है तथा विश्वविद्यालय का उद्देश्य अधिकाधिक लोगों को योग से जोड़कर स्वस्थ भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देना है।

योग वेलनेस सेंटर के विशेषज्ञ डॉ. सागर सैनी ने कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त एवं तनावपूर्ण जीवनशैली में योग शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में सहभागिता कर योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आग्रह किया।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं आमजन से अपील की है कि वे अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाएं तथा योग के माध्यम से स्वस्थ एवं समृद्ध समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

Related Articles

Back to top button