
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : परीक्षार्थियों की सुविधा हेतु पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल प्रशासन द्वारा रविवार 07.06.2026 से 10.06.2026 तक गोरखपुर-लखनऊ जं. के मध्य परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इस दौरान परीक्षार्थियों की रेल यात्रा को सुगम व सुरक्षित बनाने हेतु पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल ने मण्डल रेल प्रबन्धक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में निम्नलिखित व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैंः-
लखनऊ मंडल द्वारा यात्री यातायात में सामान्य से अधिक भीड़ की सम्भावना को ध्यान में रखकर यात्रियों की यात्रा को सुगम बनाने हेतु लखनऊ मंडल के सभी प्रमुख केन्द्रों गोरखपुर, लखनऊ एवं गोंडा स्टेशनों पर 24 घन्टे हेल्पडेस्क का संचालन किया जा रहा है। इन हेल्पडेस्क पर स्पेशल ट्रेनों की सूचना उपलब्ध है। जन-सम्बोधन प्रणाली से उक्त सभी स्टेशनों पर लगातार सूचनाये प्रसारित की जा रही है, विशेषकर स्पेशल ट्रेनों की सूचना लगातार प्रसारित की जा रही है। लखनऊ मंडल के गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा एवं लखनऊ स्टेशनों के अधिकतम अनारक्षित टिकट/आरक्षण काउन्टर निरन्तर कार्यरत रखे गये हैं। स्टेशनों के प्रवेश एवं निकास द्वार तथा प्लेटफार्म पर भीड़ नियंत्रण एवं अनाधिकृत यात्रियों की रोकथाम के लिये पर्याप्त रेल सुरक्षा बल की तैनाती की गयी है।

विशेष ट्रेन संचालन: गोरखपुर-लखनऊ के मध्य 02 जोड़ी परिक्षा विशेष गाड़ी का संचालन दिनांक 10 जून, 2026 तक किया जाएगा। लखनऊ मंडल द्वारा चलाई जा रही परीक्षा विशेष गाड़ियाँ सामान्य श्रेणी रेकों से चल रहीं है, जो अपने मार्ग में पड़ने वाले सभी छोटे बड़े स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए अपनी यात्रा पूरी कर रहीं हैं।
स्पेशल गाडियों के कोचों एवं सम्बंधित स्टेशनों पर पर्याप्त जल आपूर्ति, विद्युत प्रकाश व्यवस्था एवं साफ-सफाई व्यवस्था सम्बन्धित विभागों द्वारा सुनिश्चित की जा रही है। स्टेशनों पर ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान, विशेष तौर पर परीक्षा स्पेशल ट्रेन संबंधित जानकारी नियमित रुप से उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से प्रसारित की जा रही हैं।

महत्वपूर्ण स्टेशनों पर टिकट उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु नियमित टिकट काउन्टर के अतिरिक्त एटीवीएम मशीन उपलब्ध हैं। रेलवे स्टेशनों पर मेडिकल बूथ की उपलब्धता सुनिश्चित की गयी है, ताकि आवश्यकता पर यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही प्राथमिक उपचार मिल सके। लखनऊ जं0, गोरखपुर जं0, ऐशबाग आदि महत्वपूर्ण स्टेशनों से गुजरने वाली तथा स्टेशन पर स्काउट गाइड टीम द्वारा निशुल्क शीतल पेय जल का वितरण किया जा रहा है।
होल्डिंग एरियाः गोरखपुर जं0 स्टेशन पर परीक्षार्थियों के विश्राम हेतु 3200 वर्ग फिट का होल्डिंग एरिया बनाया गया हैं। जिसमें निर्बाध रुप से निशुल्क शीतल पेय जल, मोबाईल चार्जिंग प्वाइंट, कूलर, पंखे एवं फ्लड लाइट का प्रावधान किया गया है। परीक्षार्थियों की सहायता हेतु होल्डिंग एरिया में हेल्प डेस्क तथा होल्डिंग एरिया के निकट दो एटीवीएम मशीन उपलब्ध करायी गयी हैं। इसके अतिरिक्त किसी भी प्रकार की चिकित्सा सुविधा के लिए यात्री मित्र कार्यालय के निकट मेडिकल बूथ तथा स्टेशन पर एंबुलेंस का प्रावधान किया गया है।

ट्रेन स्कॉर्टिंगः मण्डल की 74 महत्वपूर्ण ट्रेनों में 146 रेलवे सुरक्षा बल कर्मियों द्वारा प्रतिदिन स्कॉर्टिंग की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्थाः कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु रेलवे सुरक्षा बल एवं जीआरपी के साथ स्थानीय जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन के लिए 400 आरपीएफ एवं 304 जीआरपी पुरुष एवं महिला स्टॉफ की तैनाती सुनिश्चित की गयी है। भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा हेतु सुरक्षा कर्मियों की अलग-अलग शिफ्ट में प्लैटफार्म, वेटिंग हॉल, टिकट काउन्टर, सर्कुलेटिंग एरिया, फुट ओवर ब्रिज, पार्किंग जोन तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर तैनाती की गयी है। इसके साथ ही त्वरित प्रतिक्रया टीमें (QRT) चौबीसों घन्टे स्टैण्ड बॉय पर रखी गयी हैं।
लखनऊ जं0 एवं गोरखपुर स्टेशन पर लगेज स्कैनरों के माध्यम से सामानों की गहन स्क्रीनिंग तथा सीसीटीवी कंट्रोल रुम द्वारा चौबीसों घण्टे यात्री आवाजाही की रीयल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है। सीसीटीवी के द्वारा स्टेशन परिसर की निगरानी के साथ, आपात स्थिति में मण्डल नियंत्रण कक्ष को अविलम्ब सूचना प्रदान करने की व्यवस्था की गयी है।
लखनऊ जंक्शन, गोंडा एवं गोरखपुर के डॉग स्क्वॉड टीम द्वारा महत्वपूर्ण स्टेशनों पर एंटी-सैबोटाज चेकिंग एवं सुरक्षा स्क्रीनिंग की जा रही है।

यात्री सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, एंटी-फूड पॉइजनिंग जागरूकता तथा प्लेटफॉर्म अनुशासन संबंधी नियमित घोषणाएँ मेगाफोन एवं लाउड हैलर द्वारा नियमित रुप से की जा रही हैं। स्टेशनों पर यात्रियों की कतार प्रबंधन द्वारा ट्रेनों में सुगम बोर्डिंग सुनिश्चित की जा रही है।
वार रुमः गोरखपुर जं0, गोण्डा जं0 तथा लखनऊ स्थित मण्डल नियंत्रण कक्ष में 24 घण्टे मॉनिटरिंग हेतु राजपत्रित अधिकारियों की शिफ्ट वार ड्यूटी लगायी गयी है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे है। यात्री किसी भी आकस्मिक आवश्यकता पर भारतीय रेल के हेल्प लाइन नम्बर-139 पर सम्पर्क कर सकते है।
