ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते- नाबालिग बालिका को परिजनों से मिलाया, यात्रियों का छूटा सामान बरामद कर सुरक्षित सुपुर्द किया

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के निर्देश एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के नेतृत्व में पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल के रेलवे सुरक्षा बल द्वारा रेल संपत्ति की सुरक्षा, यात्रियों की सुरक्षा, अवैध गतिविधियों की रोकथाम तथा ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के अंतर्गत बिछड़े बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाने के लिए निरंतर तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जा रहा है।

इसी क्रम में 23 जुलाई 2026 को आरपीएफ पोस्ट देवरिया सदर द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए देवरिया रेलवे स्टेशन पर अपनी मां से बिछड़ी 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद किया गया। सूचना प्राप्त होते ही ऑन ड्यूटी महिला कांस्टेबल धर्मावती द्वारा स्टेशन परिसर में तत्परता से खोजबीन कर बालिका को सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट देवरिया सदर लाया गया। आवश्यक सत्यापन एवं पहचान की प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत बालिका को उसकी माता को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया।

गुरुवार 23 जुलाई 2026 को मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष, वाराणसी से प्राप्त सूचना पर आरपीएफ स्टाफ द्वारा गाड़ी संख्या 14866 मरुधर एक्सप्रेस के कोच A-1, बर्थ संख्या 58 एवं 59 से यात्री का छूटा हुआ सैमसंग कंपनी का मोबाइल चार्जर बरामद किया गया। चार्जर को सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट वाराणसी सिटी लाया गया। आवश्यक सत्यापन एवं पहचान की प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत यात्री बीनल कुमार को उनका चार्जर, जिसकी अनुमानित कीमत रूपये 1,800/- थी, सकुशल सुपुर्द कर दिया गया। यात्री ने आरपीएफ की तत्परता एवं ईमानदार कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया।

दिनांक 23 जुलाई 2026 को गाड़ी संख्या 15708 के कोच संख्या S-1, सीट संख्या 21 पर छूटे यात्री के नीले रंग के बड़े बैग को आरपीएफ छपरा द्वारा सुरक्षित बरामद कर आरपीएफ पोस्ट छपरा पर जमा कराया गया। यात्री हजरत अली, उम्र 58 वर्ष, द्वारा आधार कार्ड एवं यात्रा टिकट प्रस्तुत कर बैग की पहचान की गई। आवश्यक सत्यापन के बाद बैग में रखे सभी सामान सही-सलामत पाए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग रूपये 7,000/- थी। सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत बैग एवं समस्त सामान यात्री को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया। अपना सामान वापस पाकर यात्री ने आरपीएफ की ईमानदारी, तत्परता एवं सराहनीय कार्यशैली की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया।

रेलवे सुरक्षा बल, वाराणसी मंडल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा एवं सहायता के साथ-साथ रेल परिसंपत्तियों की सुरक्षा और जरूरतमंद यात्रियों को त्वरित सहायता प्रदान करने के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button