बीबीएयू में पीएच.डी. प्रवेश 2026 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ, 12 अगस्त तक होंगे आवेदन

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ ने शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए विभिन्न पीएच.डी. कार्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के समर्थ (SAMARTH) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पूर्व विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध पीएच.डी. सूचना पुस्तिका (Information Bulletin) एवं प्रवेश विवरणिका (Admission Prospectus) 2026 का सावधानीपूर्वक अध्ययन अवश्य करें।

पीएच.डी. प्रवेश हेतु यूआर/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए पंजीकरण शुल्क ₹1000 तथा एससी/एसटी/दिव्यांग (PwD) वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए ₹ 750 निर्धारित किया गया है।ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 12 अगस्त 2026 है। इसके उपरांत अभ्यर्थी 18 अगस्त 2026 तक ₹ 1500 विलंब शुल्क के साथ आवेदन कर सकेंगे।

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक पीएच.डी. कार्यक्रम के लिए अलग-अलग पंजीकरण शुल्क देय होगा। आवेदन प्रक्रिया तभी पूर्ण मानी जाएगी जब ऑनलाइन शुल्क का सफल भुगतान हो जाएगा। एक बार जमा किया गया पंजीकरण शुल्क किसी भी परिस्थिति में वापस अथवा समायोजित नहीं किया जाएगा।

साथ ही विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि वर्ष 2025 की पीएच.डी. प्रवेश अधिसूचना के अंतर्गत इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, सिविल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल एवं ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग, डेवलपमेंट स्टडीज़, हॉर्टिकल्चर तथा फार्मास्युटिकल साइंसेज़ में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को पुनः आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। ऐसे अभ्यर्थियों के आवेदन पत्र प्रवेश परीक्षा एवं आगामी काउंसलिंग प्रक्रिया के लिए स्वतः मान्य रहेंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। इसके अतिरिक्त विद्यार्थी किसी भी प्रकार की जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट https://www.bbau.ac.in/ या संबंधित विभाग से प्राप्त कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button