जन्मदिवस पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल को मुख्यमंत्री योगी सहित केंद्रीय एवं राज्य सरकार मंत्रियों की शुभकामनाएं

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं मुजफ्फरनगर सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कपिल देव अग्रवाल को उनके जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित केंद्र एवं राज्य सरकार के अनेक मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों ने हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई संदेश प्रेषित किए।

जन्मदिवस के अवसर पर दिनभर शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों, प्रदेश सरकार के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी), सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, उद्योग जगत से जुड़े व्यक्तियों तथा प्रबुद्ध नागरिकों ने दूरभाष, सोशल मीडिया और व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उनके स्वस्थ, दीर्घ एवं सफल सार्वजनिक जीवन की कामना करते हुए प्रदेश के विकास और जनसेवा में उनके योगदान की सराहना की।

मुजफ्फरनगर स्थित उनके आवास पर भी बड़ी संख्या में समर्थक, कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, व्यापारी, शिक्षक, युवा एवं आम नागरिक पहुंचे और पुष्पगुच्छ भेंट कर जन्मदिवस की बधाई दी। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने उनके नेतृत्व में जनकल्याण, कौशल विकास, रोजगार सृजन तथा व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

जन्मदिवस पर प्राप्त हुए स्नेह, सम्मान और शुभकामनाओं से अभिभूत मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सभी शुभचिंतकों, मित्रों एवं समर्थकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जन्मदिवस के इस विशेष अवसर पर आवास पर पधारकर, दूरभाष के माध्यम से तथा सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्मों पर शुभकामनाएं देने वाले सभी इष्ट मित्रों, शुभचिंतकों एवं सम्मानित नागरिकों का वे हृदय की गहराइयों से धन्यवाद करते हैं।

उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह, प्रेम, विश्वास और आशीर्वाद उनके लिए अमूल्य धरोहर है तथा यही उन्हें जनसेवा के पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि प्रदेशवासियों का स्नेह, सहयोग और मार्गदर्शन उन्हें आगे भी इसी प्रकार प्राप्त होता रहे, ताकि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ समाज एवं प्रदेश की सेवा कर सकें।

Related Articles

Back to top button