उत्तर रेलवे : उद्घाटन विशेष ट्रेन के प्रथम आगमन पर लखनऊ मंडल में भव्य स्वागत

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ – वाराणसी : शुक्रवार 17.07.2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अमृतसर (छेहरटा) से गाड़ी संख्या 14624/14623 छेहरटा–वाराणसी–छेहरटा सीर गोवर्धनपुर वाराणसी एक्सप्रेस रेल सेवा का शुभारंभ किया गया था। इस अवसर पर छेहरटा के स्थान पर जालंधर कैंट–वाराणसी उद्घाटन विशेष (Inaugural Special) एक्सप्रेस का संचालन किया गया। इस उद्घाटन विशेष ट्रेन का शनिवार 18.07.2026 को उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में प्रथम आगमन के अवसर पर मंडल के लखनऊ, सुल्तानपुर, जौनपुर एवं वाराणसी जंक्शन रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों का उत्साहपूर्ण एवं भव्य स्वागत किया गया।

ट्रेन के विभिन्न स्टेशनों पर पहुँचने पर संत रविदास जी के अनुयायियों, स्थानीय नागरिकों तथा आम जनमानस द्वारा ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्रियों का पुष्प वर्षा एवं माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर स्टेशनों का वातावरण श्रद्धा, उत्साह एवं उल्लास से परिपूर्ण रहा। यात्रियों ने भी इस आत्मीय स्वागत के लिए प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नई रेल सेवा के शुभारंभ पर हर्ष व्यक्त किया।

यह नई रेल सेवा सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी। गाड़ी संख्या 14624 छेहरटा–सीर गोवर्धनपुर वाराणसी एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार एवं रविवार को छेहरटा से प्रस्थान करेगी तथा इसका नियमित संचालन दिनांक 19.07.2026 से प्रारंभ होगा। वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 14623 सीर गोवर्धनपुर वाराणसी–छेहरटा एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार, शनिवार एवं सोमवार को वाराणसी से प्रस्थान करेगी तथा इसका नियमित संचालन दिनांक 20.07.2026 से प्रारंभ होगा।

यह नई रेल सेवा पंजाब एवं पूर्वांचल के मध्य धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संपर्क को और अधिक सुदृढ़ करेगी। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी से जुड़े श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम यात्रियों को भी इस रेल सेवा से लाभ मिलेगा।

Related Articles

Back to top button