पूर्वोत्तर रेलवे : क्षेत्रीय हिंदी नाट्योत्सव में वाराणसी मंडल को प्रथम पुरस्कार

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : राजभाषा विभाग के तत्त्वावधान में सोमवार को रेलवे प्रेक्षागृह, गोरखपुर में आयोजित ‘‘क्षेत्रीय रेलवे हिन्दी नाटक प्रतियोगिता-2026‘‘ में वाराणसी मंडल की नाट्य टीम ने ‘शतरंज के खिलाड़ी’ की उत्कृष्ट प्रस्तुति कर क्षेत्रीय हिंदी नाट्योत्सव-2026 में प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया । इस उपलब्धि के लिए बुधवार 12 अगस्त 2026 को मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन ने नाट्य दल के सदस्यों से भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने पर पूरी टीम को पुरुस्कृत कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने टीम के सामूहिक प्रयास, उत्कृष्ट प्रस्तुति एवं सांस्कृतिक प्रतिभा की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक वर्मा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह, वरिष्ठ आंकड़ा संसाधन प्रबंधक आशुतोष पाण्डेय एवं ने भी नाट्य दल के सदस्यों को इस शानदार उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं।

नाट्य प्रतियोगिता वाराणसी मंडल द्वारा मुंशी प्रेमचंद की कालजयी कहानी ‘शतरंज के खिलाड़ी’ पर आधारित इस नाट्य प्रस्तुति ने सशक्त अभिनय, प्रभावशाली रंगभाषा तथा समकालीन संदर्भों से युक्त मंचन के माध्यम से दर्शकों एवं निर्णायक मंडल को विशेष रूप से प्रभावित किया। नाटक में मनोरंजन के साथ सामाजिक चेतना, कर्तव्य-विमुखता, व्यक्तिगत स्वार्थ तथा बदलते सामाजिक-राजनीतिक परिवेश के प्रति व्यक्ति की जिम्मेदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

नाट्य प्रतियोगिता में ख्यात कला-सेवी श्री भरत भूषण एवं रंग एवं सिनेमा जगत के वरिष्ठ कलाकार श्री प्रवीण निर्णायक के रूप में उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल ने वाराणसी मंडल की प्रस्तुति की सराहना करते हुए निर्देशन, अभिनय, संगीत, मंच-सज्जा एवं समग्र नाट्य-प्रस्तुति को उत्कृष्ट बताया।

नाटक का निर्देशन श्री अमन श्रीवास्तव ने किया। उनके निर्देशन में कहानी के मूल भाव को बनाए रखते हुए प्रस्तुति को प्रभावशाली मंचीय रूप एवं समकालीन संवेदना प्रदान की गई।

नाटक में विकास श्रीवास्तव, अमन श्रीवास्तव, श्रीमती रीना कुमारी, श्रीमती शिवानी सिंह, सुश्री अर्पिता साहा, सुश्री काजल राय, सुश्री अर्चना कुमारी, अंकित कुमार एवं अनिकेत तिवारी ने विभिन्न भूमिकाओं का सशक्त निर्वहन किया।

इस प्रस्तुति में विशाल मिश्रा एवं श्रीमती महुआ बनर्जी के संगीत, श्रीमती आशा शर्मा की रूप-सज्जा तथा विनोद मौर्य एवं सुरेन्द्र यादव की मंच-सज्जा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। ध्वनि प्रभाव कुमार अनुपम ने तैयार किए। नाट्य दल के दल प्रबंधक अजय कुमार सिंह ने किया ।

Related Articles

Back to top button