
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : भारत सरकार द्वारा संचालित “क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम” के अंतर्गत पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चंद्र की उपस्थिति में बुधवार लखनऊ मंडल के ऐशबाग कोचिंग डिपो/कैरेज एंड वैगन में क्षय रोग स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया।
कैंप का उद्देश्य रेलवे कर्मचारियों में क्षय रोग (टीबी) के प्रति जागरूकता बढ़ाना, प्रारंभिक जांच के माध्यम से रोग की समय रहते पहचान करना तथा बेहतर उपचार के प्रति प्रेरित करना। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा क्षय रोग के लक्षण, बचाव, उपचार एवं पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तारपूर्वक प्रदान की गईं।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधीक्षक ऐशबाग पॉलीक्लिनिक डॉ. रंजना पाटनी, एसटीएलएस लोकेश कुमार वर्मा, डीपीपीएमसी स्वामित्र मिश्रा, राजीव कुमार सहित उत्तर प्रदेश, राज्य सरकार की स्वास्थ्य टीम उपस्थित रही। टीम द्वारा कर्मचारियों एवं उपस्थित लोगों को बताया गया कि लगातार खांसी, वजन कम होना, कमजोरी, बुखार एवं रात में पसीना आना जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें तथा समय पर जांच एवं उपचार कराएं।

क्षय रोग स्क्रीनिंग कैंप में चेस्ट एक्स-रे, बीएमआई, हीमोग्लोबिन, डायबिटीज एवं ब्लड प्रेशर सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें की गईं। साथ ही स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पंपलेट वितरित किए गए तथा स्वच्छता एवं संतुलित आहार अपनाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में रेल कर्मियों ने भाग लिया।