
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के निर्देशन में ‘कर्मचारी कल्याण निधि’ के अंतर्गत गोण्डा परिक्षेत्र के कर्मचारियों हेतु ‘श्रावस्ती’ का एक दिवसीय भ्रमण शिविर का आयोजन किया गया।
इस भ्रमण शिविर में गोंडा परिक्षेत्र के विभिन्न विभागों से कुल 56 रेल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। भ्रमण के दौरान कर्मचारियों को श्रावस्ती के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का दर्शन कराया गया, जिससे उन्हें क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित होने का अवसर प्राप्त हुआ। शिविर में कर्मचारियों के आवागमन हेतु बस की समुचित व्यवस्था, प्रातःकालीन नाश्ता, दोपहर का भोजन एवं सायंकालीन नाश्ता उपलब्ध कराया गया। भ्रमण के उपरान्त सभी प्रतिभागियों को स्मृति-चिह्न स्वरूप उपहार भी प्रदान किए गए।
इस प्रकार के कर्मचारी कल्याण कार्यक्रम कर्मचारियों के मानसिक एवं सामाजिक उत्थान के साथ-साथ आपसी सौहार्द, टीम भावना तथा संगठन के प्रति आत्मीयता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस भ्रमण शिविर का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन मण्डल के कर्मचारी कल्याण निरीक्षकों ने कुशलतापूर्वक सुनिश्चित किया।