
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में बुधवार को हिमांशु राव ने जनसम्पर्क अधिकारी के पद का कार्यभार ग्रहण किया। इससे पूर्व वह पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में मुख्य प्रचार निरीक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। वाराणसी मंडल में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने रेलवे की उपलब्धियों, यात्री सुविधाओं और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाओं को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हिमांशु राव ने काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से स्नातक की उपाधि प्राप्त की है। इसके साथ ही उन्होंने टाटा इन्फोटेक से माइक्रोसॉफ्ट में डिप्लोमा किया है। रेलवे में जनसम्पर्क, मीडिया प्रबंधन तथा प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में उन्हें दीर्घ एवं व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपने सेवाकाल में उन्होंने विभिन्न परिस्थितियों में रेलवे की सकारात्मक छवि को जनसामान्य तक पहुंचाने के साथ ही मीडिया के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
राव के कार्यकाल में रेलवे की योजनाओं, उपलब्धियों, यात्री सुविधाओं, परिचालन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों तथा जनोपयोगी सूचनाओं के प्रचार-प्रसार को प्रमुखता मिली। उनके कार्य करने की शैली में स्पष्ट संवाद, त्वरित समन्वय और सकारात्मक दृष्टिकोण की विशेष भूमिका रही है।

मिलनसार व्यक्तित्व, कुशल नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक कार्यशैली के कारण हिमांशु राव रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच लोकप्रिय रहे हैं। लखनऊ मंडल में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उनसे रेलवे और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा मंडल की गतिविधियों को प्रभावी तरीके से मीडिया एवं जनता तक पहुंचाने की अपेक्षा है।
उनके कार्यभार ग्रहण करने पर लखनऊ मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
