पूर्वोत्तर रेलवे : बनारस–हडपसर (पूणे) अमृत भारत एक्सप्रेस के पेंट्रीकार का मंडल रेल प्रबंधक ने किया निरीक्षण

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं उच्च गुणवत्ता की खानपान सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन ने शनिवार 11 जुलाई 2026 को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव एवं वरिष्ठ पर्यवेक्षकों के साथ बनारस–हडपसर (पूणे) अमृत भारत एक्सप्रेस के पेंट्रीकार का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान आई आर सी टी सी द्वारा संचालित पेंट्रीकार में उपलब्ध खाद्य सामग्री के भंडारण, रेफ्रिजरेटर की कार्यस्थिति, पेयजल शुद्धीकरण प्रणाली, रसोई के बर्तनों की स्वच्छता की गुणवत्ता, खाद्य निर्माण से सम्बंधित उपकरणों, स्वच्छता व्यवस्था तथा खाद्य सुरक्षा संबंधी मानकों का विस्तृत परीक्षण किया गया। मंडल रेल प्रबंधक जैन ने पेंट्रीकार में कार्यरत कर्मचारियों को स्वच्छता एवं खाद्य गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने निर्देशित किया कि खाद्य पदार्थों के भंडारण, तैयारी एवं वितरण की प्रत्येक प्रक्रिया में स्वच्छता, गुणवत्ता तथा हाइजीन मानकों का कड़ाई से अनुपालन किया जाए।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने भी संबंधित अधिकारियों को पेंट्रीकार में नियमित निगरानी बनाए रखने तथा यात्रियों को बेहतर खानपान सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पूर्वोत्तर रेलवे का वाराणसी मंडल यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button