
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू : स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर, शनिवार 15 अगस्त को, उत्तर रेलवे के जम्मू डिवीजन ने यात्रियों की सुविधा और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने के उद्देश्य से सांबा रेलवे स्टेशन पर 6 महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव (स्टॉपेज) फिर से शुरू किया है। ये ठहराव 15 अगस्त 2026 से लागू हो गए हैं।
इस ऐतिहासिक अवसर पर, जम्मू लोकसभा क्षेत्र के सांसद जुगल किशोर शर्मा जी ने शाम 5:26 बजे ट्रेन नंबर 20434 श्री माता वैष्णो देवी कटरा – सूबेदारगंज एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में विधायक सुरजीत सिंह सलाथिया जी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
कार्यक्रम में जम्मू के सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर उचित सिंघल के साथ अन्य अधिकारी, रेलवे कर्मचारी और स्थानीय नागरिक भी मौजूद थे।
सांबा स्टेशन पर जिन 6 ट्रेनों का ठहराव फिर से शुरू किया गया है, वे इस प्रकार हैं:
ट्रेन नंबर 20434, 16787, 14803, 14804, 16317, 16031
अक्टूबर 2026 से सांबा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन नंबर 19223/19224 का ठहराव भी शुरू किया जाएगा।
इस अवसर पर सांसद और विधायक ने कहा कि सांबा क्षेत्र के लोगों की ओर से और अधिक ट्रेनों के ठहराव की लंबे समय से मांग की जा रही थी। स्वतंत्रता दिवस पर 6 ट्रेनों के ठहराव की बहाली इस क्षेत्र के निवासियों के लिए दोहरी खुशी का मौका है। इससे तीर्थयात्रियों, छात्रों, कर्मचारियों और व्यापारियों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी और साथ ही स्थानीय व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान, जम्मू के सीनियर डिविज़नल कमर्शियल मैनेजर उचित सिंघल ने कहा, “सांबा क्षेत्र के यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए, जम्मू डिविज़न ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 6 प्रमुख ट्रेनों का ठहराव फिर से शुरू किया है। जम्मू डिविज़न यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसी मांगों पर सकारात्मक रूप से विचार किया जाएगा।”
रेलवे प्रशासन सभी यात्रियों से अनुरोध करता है कि वे ट्रेन के समय की जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, NTES ऐप या 139 नंबर का उपयोग करें।