
अशोक यादव, लखनऊ : उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल द्वारा रविवार ऐतिहासिक एवं प्रतिष्ठित लखनऊ रेलवे स्टेशन के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘स्टेशन महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। चारबाग रेलवे स्टेशन ने गौरवशाली 100 वर्ष पूर्ण करते हुए भारतीय रेल की समृद्ध विरासत, विशिष्ट स्थापत्य कला तथा राष्ट्र की सेवा में अपने योगदान की गौरवपूर्ण यात्रा को रेखांकित किया।

रेलवे बोर्ड द्वारा भारतीय रेल के चयनित विरासत स्टेशनों पर उनकी स्थापना/प्रारंभ की तिथि के अनुरूप ‘स्टेशन महोत्सव – Birthday Celebrations of Stations’ आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसके अंतर्गत विभिन्न रेलवे जोनों/राज्यों में 103 विरासत स्टेशनों को चिन्हित किया गया इन स्टेशनों पर स्थानीय इतिहास, संस्कृति एवं जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं।

उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल द्वारा लखनऊ रेलवे स्टेशन की शताब्दी के अवसर पर रविवार 30 अगस्त 2026 को स्टेशन महोत्सव का आयोजन किया गया। समारोह का आयोजन लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें रेल अधिकारी, कर्मचारी एवं यात्रीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान चारबाग रेलवे स्टेशन की वर्ष 1926 से अब तक की ऐतिहासिक यात्रा, विशिष्ट स्थापत्य विरासत एवं भारतीय रेल में इसके महत्व को प्रदर्शित करने वाली लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इसके उपरांत लखनऊ मंडल के समर्पित एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेल कर्मचारियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। रेलवे स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को विरासत संरक्षण, स्वच्छता एवं यात्री सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

समारोह में मंडल रेल प्रबंधक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारीयों द्वारा महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके उपरांत ‘जन गण मन’ की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को और प्रबल किया। स्टेशन परिसर में रैली का आयोजित भी किया गया। गांधी पार्क में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी आयोजित किया गया। इसके अतिरिक्त, शताब्दी समारोह के अवसर पर गांधी पार्क में हीलियम गुब्बारा स्थापित किया गया।

यात्रियों एवं आमजन को चारबाग स्टेशन की ऐतिहासिक विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से प्लेटफार्म संख्या एक पर ऐतिहासिक छायाचित्रों एवं विरासत उपकरणों की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी में स्टेशन के विभिन्न ऐतिहासिक पड़ावों एवं भारतीय रेल की गौरवशाली यात्रा को प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम स्थल पर चारबाग रेलवे स्टेशन के प्रथम पोर्टिको एवं अन्य प्रमुख क्षेत्रों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। स्टेशन के ऐतिहासिक भवन की विशेष स्थापत्य एवं फसाड लाइटिंग, फेयरी लाइट्स, गांधी पार्क का सौंदर्यीकरण तथा वहां स्थापित विंटेज/स्टीम इंजन की लाइटिंग की गई, जिससे स्टेशन का ऐतिहासिक एवं भव्य स्वरूप और अधिक आकर्षक दिखाई दिया।

लखनऊ रेलवे स्टेशन की 100 वर्षों की यह गौरवशाली यात्रा केवल एक भवन या स्टेशन की यात्रा नहीं, बल्कि लखनऊ की ऐतिहासिक पहचान और भारतीय रेल की समृद्ध विरासत का अभिन्न अध्याय है। शताब्दी समारोह के माध्यम से इस ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित करने तथा नई पीढ़ी को इसके गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर रेलवे अधिकारी, कर्मचारी एवं यात्रीगण उपस्थित रहे।