09 से 17 अगस्त तक चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पर तिरंगा वितरण कार्यक्रम का आरंभ

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : 09 से 17 अगस्त 2026 तक चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के क्रम में बुधवार 12 अगस्त 2026 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, वाराणसी में तिरंगा वितरण कार्यक्रम का आरंभ मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन ने मंडल कार्यालय पर कार्यरत रेलकर्मियों को राष्ट्रीय ध्वज वितरित कर किया और साथ ही सभी से अपने-अपने घरों पर तिरंगा सम्मानपूर्वक फहराने तथा अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

इसके साथ ही ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत वाराणसी मंडल के कार्मिक विभाग द्वारा मंडल के सभी विभागों, स्टेशनों एवं यूनिटों में तिरंगा वितरण किया गया। इसके साथ ही रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों एवं प्रमुख रेलवे परिसरों में तिरंगा लाइटों से सजावट, तिरंगा यात्रा, प्रभात फेरी, राष्ट्र प्रेम -जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कर्मचारियों एवं यात्रियों को अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ देशभक्ति गीत, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर-बैनर एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया जा रहा है। तिरंगे के साथ फोटो/सेल्फी लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान को व्यापक रूप से प्रचारित करने तथा स्कूलों, निजी संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से जन-जागरूकता बढ़ाने का प्रयास भी किया जा रहा हैं।

मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव एवं राष्ट्रप्रेम का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने रेलकर्मियों से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने की अपील की।

तिरंगा वितरण के दौरान रेलकर्मियों में उत्साह एवं राष्ट्रप्रेम की भावना देखने को मिली। सभी ने अभियान में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लेते हुए ‘हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा’ का संदेश दिया। साथ ही स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं ध्वज संहिता के पालन के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button