
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश में HIV/AIDS के प्रति व्यापक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी (UPSACS) द्वारा दो माह तक चलाए जाने वाले सघन जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान की आधिकारिक लॉन्चिंग UPSACS के अपर परियोजना निदेशक रविन्द्र कुमार द्वारा की गई।

उद्घाटन कार्यक्रम UPSACS एवं नेशनल पी.जी. कॉलेज के सहयोग से कॉलेज के सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। HIV/AIDS के प्रति जागरूकता एवं सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश देने के लिए युवाओं द्वारा मानव श्रृंखला का निर्माण किया गया और HIV/AIDS के विरुद्ध एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम में रमेश चन्द्र श्रीवास्तव (JD UPSACS) द्वारा सघन जागरूकता अभियान के उद्देश्यों तथा i-Scan “अनुमान न लगाएं, स्कैन करें” पहल के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को अपने HIV जोखिम का स्वयं आकलन (Self-Risk Assessment) करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को इस पहल से जुड़ने और सही जानकारी के आधार पर जागरूक निर्णय लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डॉ. गीता अग्रवाल (JD) एवं डॉ. संजय सोलंकी (JD) द्वारा HIV/AIDS से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। उन्होंने HIV के संक्रमण, बचाव, जांच, उपचार तथा HIV से जुड़े भ्रम एवं भेदभाव को दूर करने के संबंध में युवाओं को जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं द्वारा पोस्टर मेकिंग एवं रील मेकिंग के माध्यम से HIV/AIDS जागरूकता संबंधी संदेश प्रस्तुत किए गए। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विजेताओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अपर परियोजना निदेशक रविन्द्र कुमार ने युवाओं एवं सभी संबंधित विभागों/संस्थाओं से आह्वान किया कि आगामी दो माह तक पूरे प्रदेश में जनपद, ग्रामीण एवं समुदाय स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार गतिविधियां संचालित की जाएं। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से HIV/AIDS के प्रति जागरूकता बढ़ाने, भ्रांतियों एवं भेदभाव को कम करने तथा लोगों को HIV की जांच एवं आवश्यक सेवाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि जागरूकता, सही जानकारी और समय पर जांच एवं उपचार के माध्यम से HIV के प्रसार को रोकने में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी के सामूहिक प्रयासों से उत्तर प्रदेश को AIDS मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी योगदान दिया जा सकता है।
