
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू : बर्फानी बाबा के दर्शनों को आतुर श्रद्धालुओं की सेवा में उत्तर रेलवे का जम्मू मंडल पूरी तरह समर्पित है। श्री अमरनाथ जी यात्रा-2026 के शुभारंभ के साथ ही जम्मू तवी रेलवे स्टेशन देशभर से आने वाले लाखों शिवभक्तों के स्वागत के लिए सज-धज कर तैयार है। यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं यादगार बनाने के लिए मंडल प्रशासन द्वारा स्टेशन पर अभूतपूर्व विशेष प्रबंध किए गए हैं।
इसी कड़ी में शुक्रवार 3 जूलाई को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू उचित सिंघल द्वारा वाणिज्य एवं परिचालन अधिकारियों की टीम के साथ जम्मू तवी रेलवे स्टेशन का व्यापक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य श्री अमरनाथ जी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को प्रदान की जा रही सुविधाओं की जमीनी हकीकत परखना एवं व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करना था।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष ‘होल्डिंग एरिया’
स्टेशन परिसर में यात्रा पर जाने वाले यात्रियों के लिए एक विशाल, हवादार एवं पूर्णतः छायादार पैसेंजर होल्डिंग एरिया विकसित किया गया है। इस क्षेत्र में एक साथ सैकड़ों यात्रियों के बैठने की व्यवस्था, लाइट, पंखे,कुलर व पेयजल में व्यवस्था की गई है। साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देते हुए 24×7 हाउसकीपिंग स्टाफ तैनात किया गया है।
इसी के साथ ग्रीष्म ऋतु एवं भीड़ को देखते हुए प्लेटफार्मों पर त्वरित वाटरिंग एवं कर्मचारी तैनात किए गए हैं, जिससे प्रत्येक गाड़ी में समयबद्ध पानी भरा जा सके और यात्रियों को असुविधा न हो।
स्टेशन पर 24×7 हेल्प डेस्क संचालित है। यहां रेलवे कर्मचारियों के साथ-साथ स्काउट-गाइड भी यात्रियों को ट्रेन समय-सारणी, प्लेटफार्म जानकारी, मेडिकल सहायता एवं अन्य जरूरी मार्गदर्शन उपलब्ध करा रहे हैं।
यात्रा अवधि में भीड़ नियंत्रण एवं सुचारू यात्री संचलन हेतु स्टेशन पर वरिष्ठ रेलवे पर्यवेक्षक की 24×7 तैनाती की गई है। साथ ही अतिरिक्त टिकट चेकिंग स्टाफ, वाणिज्य कर्मचारी एवं आरपीएफ के जवान लगातार प्लेटफार्मों पर निगरानी रख रहे हैं साथ ही रेलवे स्टेशन व परिसर में सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से भी विशेष निगरानी का प्रबंध किया गया हैं व सुरक्षा के मद्देनजर 24 घंटे वार रूम में रेलवे स्टाफ द्वारा निगरानी की जा रही हैं, अतिरिक्त बल सदस्यों की भी सुरक्षा को देखते हुए, नियुक्ति की गई हैं।
इसी श्रृंखला में जम्मू रेलवे स्टेशन का प्लेटफॉर्म 4 और 5 को ट्रेनों के संचालन हेतु, शुरू किया गया हैं। जिसमें शुक्रवार 3 जूलाई को ट्रेन संख्या 13152 का संचालन नए प्लेटफार्म से किया गया। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन व प्लेटफार्म की जानकारी के लिए नियमित रूप से उद्घोषणा की जा रही है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू ने निरीक्षण के दौरान सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने एवं श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार रखने के निर्देश दिए।
रेल प्रशासन की श्रद्धालुओं से अपील
मंडल रेल प्रशासन सभी अमरनाथ यात्रियों से अनुरोध करता है कि वे अपनी यात्रा से पूर्व पंजीकरण अवश्य कराएं, केवल अधिकृत टिकट काउंटरों से ही टिकट लें, अनजान व्यक्तियों से खान-पान न लें, प्लेटफार्म पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं एवं किसी भी प्रकार की सहायता के लिए हेल्प डेस्क या रेल मदद हेल्पलाइन 139 पर संपर्क करें।
उत्तर रेलवे, जम्मू मंडल बाबा अमरनाथ के सभी भक्तों की सुखद, मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की कामना करता है।