हुबली और कोलकाता में लखनऊ रेल मंडल की अंतरराष्ट्रीय धाविका नंदिनी गुप्ता और डिंपल सिंह ने जीते पदक

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : खेल के मैदान से पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के लिए एक बेहद गौरवशाली और ऐतिहासिक खबर आई है। हुबली में आयोजित 57वीं ‘अखिल भारतीय अंतर रेलवे क्रॉस-कंट्री चैम्पियनशिप-2026’ में लखनऊ मंडल की महिला एथलीटों ने अपनी रफ्तार का जलवा बिखेरते हुए शानदार रजत पदक अपने नाम किया है।

क्रॉस-कंट्री और एथलेटिक्स में चमकीं महिला खिलाड़ी

इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय चैंपियनशिप में परिचालन विभाग में मुख्य ट्रेन क्लर्क के पद पर कार्यरत अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ी सुश्री नंदिनी गुप्ता तथा वित्त विभाग में क्लर्क के पद पर कार्यरत राष्ट्रीय खिलाड़ी सुश्री डिंपल सिंह ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से भारतीय रेल व पूर्वोत्तर रेलवे का मान बढ़ाया। इसके साथ ही, सुश्री नंदिनी गुप्ता ने अपनी सफलता के सफर को जारी रखते हुए कोलकाता में आयोजित 91वीं ‘अखिल भारतीय अंतर रेलवे एथलेटिक्स चैम्पियनशिप-2026’ में भी शानदार दौड़ लगाते हुए ‘कांस्य पदक’ प्राप्त कर दोहरी कामयाबी हासिल की।

डीआरएम और खेल अधिकारियों ने दी बधाई

मंडल के इन स्टार खिलाड़ियों की इस अभूतपूर्व राष्ट्रीय उपलब्धि पर मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने दोनों महिला खिलाड़ियों को बधाई दी !डीआरएम गौरव अग्रवाल ने कहा कि लखनऊ मंडल प्रशासन अपने खेल संगठन के माध्यम से खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास, आधुनिक प्रशिक्षण और खेल सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने दोनों एथलीटों को आगामी अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन करने के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएँ भी दीं।

इस गौरवशाली सफलता पर मण्डल क्रीड़ाधिकारी धनन्जय मिश्रा तथा मण्डल क्रीड़ा सचिव उदित मिश्रा सहित पूर्वोत्तर रेलवे खेल संघ के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी।

Related Articles

Back to top button