राज्यपाल की प्रेरणा से राजकीय बाल गृह (बालिका), सिंधी खेड़ा – की बालिकाओं ने जिला कारागार में निरुद्ध बंदियों को बांधी राखी

अशोक यादव, लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से शुक्रवार राजकीय बाल गृह (बालिका), सिंधी खेड़ा, लखनऊ की बालिकाओं ने जिला कारागार, गोसाईगंज, लखनऊ में निरुद्ध बंदियों को अपने हाथों से तैयार की गई राखियां बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

राज्यपाल की प्रेरणा से बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, संस्कार एवं आत्मविश्वास से जोड़ने के साथ विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सहभागी बनाया जा रहा है। बालिकाओं द्वारा स्वयं राखियां तैयार करना उनकी रचनात्मकता, आत्मीयता एवं सकारात्मक सोच को दर्शाता है।

जिला कारागार, लखनऊ में रक्षाबंधन का यह आयोजन बालिकाओं में संवेदना, करुणा, सामाजिक दायित्व एवं समरसता की भावना विकसित करने की दिशा में एक सार्थक पहल है। इससे उन्हें समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़ने तथा सामाजिक सरोकारों को समझने का अवसर मिलता है और उनके आत्मविश्वास में वृद्धि होती है।

कार्यक्रम के दौरान जिला कारागार प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया।

Related Articles

Back to top button