
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ, सुनील कुमार वर्मा ने शनिवार 01 अगस्त, 2026 को लखनऊ स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के प्रारम्भ में मंडल रेल प्रबंधक ने रेल भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्टेशन पर चल रहे विभिन्न पुनर्विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति, गुणवत्ता, समयबद्धता एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी प्राप्त ।बैठक के उपरांत उन्होंने स्टेशन परिसर में निर्माणाधीन कॉन्कोर्स (Concourse) कार्यों का स्थल पर जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का गहन अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता, सुरक्षा तथा कार्य की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक ने प्लेटफॉर्म संख्या-1 स्थित पार्सल कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने इनवर्ड एवं आउटवर्ड पार्सल संचालन व्यवस्था, पार्सलों की हैंडलिंग तथा अभिलेखों का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया गया कि पार्सल संबंधी समस्त कार्य पूर्ण पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप संपादित किए जाएं, जिससे ग्राहकों को त्वरित, सुरक्षित एवं विश्वसनीय सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

निरीक्षण के अगले क्रम में मंडल रेल प्रबंधक ने पावर केबिन में कार्यरत कर्मचारियों से संवाद स्थापित कर उनके कार्यों एवं परिचालन संबंधी ज्ञान का परीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए उन्हें सुरक्षित, सतर्क एवं दक्ष रेल संचालन सुनिश्चित करने हेतु निर्धारित मानकों का पूर्ण अनुपालन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अगले चरण में मंडल रेल प्रबंधक ने प्लेटफॉर्म संख्या 2/3, 4/5 तथा 6/7 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इन प्लेटफॉर्मों पर निर्माणाधीन कॉन्कोर्स एवं अन्य विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लखनऊ स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों के दौरान यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं निर्बाध रेल परिचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि स्टेशन के आधुनिकीकरण एवं पुनर्विकास कार्य पूर्ण होने के उपरांत यात्रियों को आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे लखनऊ स्टेशन की कार्यक्षमता, सौंदर्य एवं यात्री अनुभव में उल्लेखनीय सुधार होगा।
इस अवसर पर स्टेशन निदेशक श्री गौरव दीक्षित, रेल भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) के अधिकारी तथा मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।