
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुंबई : स्टार प्लस के लोकप्रिय गेम शो ‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ को अपना पहला पुरुष विजेता मिल गया है। ओडिशा के रहने वाले ललित कुमार मुदुली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 94 लाख रुपये की बड़ी धनराशि अपने नाम की। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार को खुशी दी, बल्कि शो के दर्शकों के लिए भी यह एक यादगार पल बन गया।
अनिल कपूर द्वारा होस्ट किए जा रहे इस गेम शो में ललित ने पूरे खेल के दौरान धैर्य, समझदारी और आत्मविश्वास का परिचय दिया। कठिन सवालों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच उन्होंने अपना संयम बनाए रखा और सोच-समझकर फैसले लेते हुए जीत की ओर कदम बढ़ाए। इस दौरान उन्हें कई मजबूत प्रतियोगियों से मुकाबला करना पड़ा। प्रतियोगिता से बाहर होने के बाद भी अन्य प्रतिभागियों ने उनका उत्साह बढ़ाया।
अपनी शानदार जीत पर खुशी जाहिर करते हुए ललित कुमार मुदुली ने कहा कि अनिल कपूर की मेजबानी में इस शो का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद शानदार अनुभव रहा। 94 लाख रुपये जीतना ऐसा पल है, जिसे उनका परिवार हमेशा याद रखेगा।
ललित ने बताया कि यह जीत उनके लिए इसलिए भी खास है, क्योंकि उनकी पत्नी मां बनने वाली हैं। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा से मिली इस धनराशि का एक-एक रुपया वे अपने आने वाले बच्चे का भविष्य सुरक्षित करने में लगाएंगे।
गौरतलब है कि ‘इंडिया के टॉप 1%’ केवल सामान्य ज्ञान पर आधारित गेम शो नहीं है, बल्कि इसमें प्रतियोगियों की सोचने की क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता और दबाव में प्रतिक्रिया देने की क्षमता को भी परखा जाता है।
यह शो हर शनिवार और रविवार रात 8 बजे स्टार प्लस और JioHotstar पर प्रसारित होता है।

