अलीगढ़ में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने शेखा झील पक्षी विहार में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के तहत किया पौधरोपण

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, अलीगढ़ / लखनऊ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाअभियान से प्रेरित ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ के अंतर्गत रविवार को प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने जनपद अलीगढ़ स्थित शेखा झील पक्षी विहार में आयोजित कार्यक्रम में सहभाग कर पौधरोपण किया।

इस अवसर पर मंत्री संदीप सिंह ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत एक पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति संवर्धन एवं भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में 35 करोड़ पौधरोपण का यह ऐतिहासिक हरित महाअभियान अब जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। यह केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृत्व के प्रति श्रद्धा और धरती माँ के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।

मंत्री संदीप सिंह ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि एक-एक पौधा लगाकर प्रकृति के संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन तथा हरित एवं समृद्ध उत्तर प्रदेश के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान दें। उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय विद्यालयों, केजीबीवी एवं बीआरसी में 12 लाख पौधे रोपकर नई पीढ़ी को बचपन से ही प्रकृति से जोड़ा जा रहा है, ताकि योगी सरकार का ‘हरित उत्तर प्रदेश’ का संकल्प पूरा हो सके।

Related Articles

Back to top button