महाप्रबंधक कार्यालय, पश्चिम मध्य रेल में अधिकारियों के लिए हिंदी कार्यशाला एवं राजभाषा प्रश्‍नमंच का आयोजन

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : केंद्रीय कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार को बढ़ावा देने तथा अधिकारियों/कर्मचारियों को राजभाषा हिंदी में कार्य करने के दौरान आने वाली कठिनाईयों को दूर करने के उद्देश्य से दिलीप कुमार सिंह, महाप्रबंधक, पश्चिम मध्य रेल के मार्गदर्शन और प्रमुख मुख्य इंजी. एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी, पश्चिम मध्य रेल, आशुतोष के निर्देशन में महाप्रबंधक कार्यालय के अधिकारियों के लिए बुधवार 30.09.2026 को ‘ कंप्‍यूटर पर यूनिकोड एवं मानक फोंट का प्रयोग’ विषय पर हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। आयोजित कार्यशाला में अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस कार्यशाला के उपरांत राजभाषा प्रश्‍नमंच का आयोजन किया गया जिसमें 04 विभाग प्रमुख तथा 21 अधिकारियों ने भाग लिया और कार्यशाला एवं राजभाषा प्रश्‍नमंच को सफल बनाया।

आशुतोष, मुख्य राजभाषा अधिकारी ने संबोधित करते हुए कहा कि भारत सरकार राजभाषा हिंदी के विकास एवं प्रयोग-प्रसार हेतु निरंतर प्रयासरत है। वर्तमान में केंद्रीय कार्यालयों में अधिकांश सरकारी कामकाज कंप्‍यूटरों के माध्यम से निष्पादित किए जा रहें हैं। ई-ऑफिस से राजभाषा हिंदी में काम करना अत्यंत सरल हो गया है। अतः प्रत्येक कर्मचारी अपना अधिकांश दैनिक सरकारी कामकाज राजभाषा हिंदी में ही करें और भारत सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने में अपना सहयोग प्रदान करें। उन्होंने आगे कहा कि हिंदी अत्यंत समृद्ध भाषा है एवं इसकी शब्द-संपदा, साहित्यिक परंपरा और अभिव्यक्ति की विविधता इसे विशिष्ट बनाती है। प्रश्न मंच जैसे आयोजन इस ज्ञान को रोचक तरीके से आत्‍मसात करने का अवसर प्रदान करते हैं । इस प्रकार के आयोजनों की सार्थकता तभी है जब हम हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए दिल से काम करें एवं दैनिक सरकारी कामकाज में अधिकाधिक राजभाषा हिंदी का प्रयोग करें !

Related Articles

Back to top button