
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, छिबरामऊ – कन्नौज : राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त कर जनपद कन्नौज का गौरव बढ़ाने वाली प्राथमिक विद्यालय कुंवरपुर बनवारी की प्रधानाध्यापिका के सम्मान में मंगलवार को BRC सभागार, छिबरामऊ में गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षक नेताओं एवं बड़ी संख्या में शिक्षकों ने पहुंचकर सम्मानित प्रधानाध्यापिका के उत्कृष्ट शैक्षिक योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ प्रवक्ता राजीव कुमार गंगवार ने कहा कि राज्य अध्यापक पुरस्कार किसी एक शिक्षक की उपलब्धि मात्र नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति समर्पण, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए निरंतर प्रयासों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि प्रधानाध्यापिका ने अपने कार्यों से सिद्ध किया है कि लगन और प्रतिबद्धता के बल पर सरकारी विद्यालयों में भी उत्कृष्टता की नई मिसाल कायम की जा सकती है।
विशिष्ट अतिथि एवं खंड शिक्षा अधिकारी आनंद द्विवेदी ने कहा कि यह सम्मान पूरे छिबरामऊ विकासखंड और जनपद कन्नौज के शिक्षक समुदाय के लिए गर्व का विषय है। ऐसे शिक्षक नई पीढ़ी के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और अन्य शिक्षकों को भी उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम का संचालन प्राथमिक शिक्षक संघ, छिबरामऊ के मंत्री सत्येंद्र सिंह यादव ने किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक का वास्तविक सम्मान उसके कार्यों से मिलता है और राज्य पुरस्कार वर्षों की तपस्या, अनुशासन तथा विद्यार्थियों के प्रति समर्पण का परिणाम है।
डायट छिबरामऊ के प्रवक्ता शरद यादव ने सम्मानित प्रधानाध्यापिका को शिक्षा क्षेत्र का प्रेरणादायी व्यक्तित्व बताते हुए उनके कार्यों को शिक्षण नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। कुलदीप यादव ने कहा कि उन्होंने विद्यालय को केवल शिक्षण केंद्र ही नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनाया है। अच्युत त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षक की सबसे बड़ी पहचान उसके विद्यार्थियों की सफलता होती है और यह पुरस्कार निरंतर परिश्रम का प्रमाण है। श्रीमती अर्चना चतुर्वेदी ने उपलब्धि को महिला शिक्षकों के लिए विशेष रूप से प्रेरणादायक बताया।
अध्यक्ष अनूप मिश्र ने कहा कि ऐसी उपलब्धियां पूरे शिक्षक समाज का सम्मान बढ़ाती हैं और आने वाली पीढ़ियों के शिक्षकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनती रहेंगी।
समारोह में महेंद्र सिंह यादव ने शानदार गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया। कार्यक्रम को राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित शशिकांत शुक्ला, ज्ञानेंद्र यादव, रावेंद्र राजपूत, श्यामवीर शाक्य, डा. अविनाश मोहन यादव, गौरव यादव, अवध नारायण तथा ARP योगेश यादव सहित दर्जनों शिक्षकों ने संबोधित किया।
अंत में उपस्थित शिक्षकगणों ने सम्मानित प्रधानाध्यापिका को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक श्रीमती सुमनलता यादव ने सभी उपस्थित शिक्षकों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा, “आप सभी का स्नेह आजीवन याद रहेगा।”