अंतरमंडलीय रेलवे सुरक्षा बल वॉलीबॉल, एथलेटिक्स एवं क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता का भव्य समापन

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, इज़्ज़तनगर – बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में आयोजित पांच दिवसीय अंतरमंडलीय रेलवे सुरक्षा बल वॉलीबॉल, एथलेटिक्स एवं क्रॉस कंट्री रेस प्रतियोगिता का शनिवार रेलवे सुरक्षा बल, इज्जतनगर लाइन में भव्य एवं गरिमामय समापन समारोह आयोजित किया गया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने विजेता टीमों एवं खिलाड़ियों को ट्रॉफी तथा एथलेटिक्स की विभिन्न व्यक्तिगत स्पर्धाओं के विजेताओं को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन एवं समर्पण के लिए बधाई देते हुए कहा कि खेलकूद न केवल शारीरिक दक्षता को बढ़ाते हैं, बल्कि टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं आत्मविश्वास का भी विकास करते हैं।

प्रतियोगिता के वॉलीबॉल फाइनल मुकाबले में इज्जतनगर मंडल ने बीएलडब्ल्यू, वाराणसी को पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भी इज्जतनगर मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक 40 पदक तथा 244 अंक अर्जित कर ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त मिथुन सोनी, सहायक सुरक्षा आयुक्त मोहम्मद असलम सिद्दीकी, निरीक्षक अब्दुस सलाम खान, रमेश चन्द्रा एवं सतीश चन्द्रा सहित रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन में सर्वानंद तिवारी का विशेष योगदान रहा, जिसकी सभी अधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने सराहना की।

Related Articles

Back to top button