
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट: दीनदयाल शोध संस्थान (DRI) के आरोग्यधाम और दीनदयाल परिसर में इस वर्ष भी गणेशोत्सव बेहद धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। संस्थान के गुरुकुल संकुल, उद्यमिता विद्यापीठ और सुरेंद्रपाल ग्रामोदय विद्यालय में गणेश चतुर्थी के दिन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बप्पा की प्रतिमाएं स्थापित की गईं।
आरोग्यधाम में इस बार गणेश पंडाल को एक सुंदर झोपड़ी का स्वरूप दिया गया है, जिसके बीच में विराजी विघ्नहर्ता की प्रतिमा भक्तों का मन मोह रही है। वर्ष 2002 से शुरू हुआ यह आयोजन इस बार अपने 25वें वर्ष (रजत जयंती) में प्रवेश कर चुका है।

परिसर में सुबह-शाम ‘ओम गं गणपतये नमो नमः’ और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों के साथ महाआरती की जा रही है। प्रतिदिन भगवान गणेश के विभिन्न स्वरूपों की मनमोहक झांकियां सजाई जा रही हैं, जिन्हें देखने और विद्युत रोशनी से जगमगाते परिसर का आनंद लेने के लिए हर शाम श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। उत्सव को खास बनाने के लिए 10 दिनों तक भजन, रामायण पाठ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसके बाद श्रद्धालुओं के लिए रोजाना विशाल भंडारे का आयोजन हो रहा है।