
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) आशीष जैन ने वरिष्ठ मंडलीय अधिकारियों के दल के साथ दुरौंधा–मशरख रेल खंड का सघन विंडो निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महाराजगंज हॉल्ट, वहाँ निर्माणाधीन गुड्स शेड तथा बसन्तपुर हॉल्ट पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं और बुनियादी ढाँचे का जायजा लिया।
महाराजगंज में नए स्टेशन भवन और गुड्स शेड की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान डीआरएम आशीष जैन ने महाराजगंज हॉल्ट पर निर्माणाधीन नए स्टेशन भवन के कमरों का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रियों और दिव्यांगजनों की सुगमता के लिए सीढ़ियों, रैंप, फुट ओवर ब्रिज (FOB) और सर्कुलेटिंग एरिया में व्यवस्थित पार्किंग बनाने को कहा। इसके साथ ही, महाराजगंज के निर्माणाधीन गुड्स शेड में लेबर शेड, मर्चेंट रूम, पेयजल तथा क्रॉसिंग गेट पर लिमिटेड हाइट सबवे (LHS) के निर्माण को समयबद्ध ढंग से पूरा करने की हिदायत दी।

बसन्तपुर हॉल्ट पर आधुनिक व्यवस्थाओं का जायजा
बसन्तपुर हॉल्ट के निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने साफ-सफाई व प्रकाश व्यवस्था को परखते हुए निर्माणाधीन स्टेशन पैनल, आईपीएस (IPS) रूम और रिले रूम का अवलोकन किया। उन्होंने रेलकर्मियों व यात्रियों की सुविधा के लिए प्रतीक्षालय तथा रेस्ट रूम के प्रावधान करने के निर्देश दिए।

इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर (द्वितीय) अमित मणि त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बालेन्द्र पाल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Sr. DCM) सुश्री प्रशस्ति श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष पाण्डेय, सहायक मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर अशोक कुमार सिंह तथा अधिशासी अभियंता (निर्माण) मशूद अहमद सहित वरिष्ठ तकनीकी पर्यवेक्षक मुस्तैदी से उपस्थित रहे। जनसम्पर्क अधिकारी महेश गुप्ता के अनुसार, सभी कार्यों में संरक्षा और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
