
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन ने शनिवार को वाराणसी सिटी–भटनी रेलखंड पर स्थित मऊ जंक्शन स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, संरक्षा व्यवस्था तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास एवं आधुनिकीकरण कार्यों की व्यापक समीक्षा की।
डीआरएम ने स्टेशन भवन, प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, फुट ओवरब्रिज, पेयजल, शौचालय, दिव्यांगजन सुविधाएं, पार्किंग, यात्री सूचना प्रणाली, टिकट काउंटर, प्रकाश व्यवस्था और खान-पान स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

संरक्षा व्यवस्था की जांच
निरीक्षण के दौरान जैन ने केंद्रीकृत स्टेशन पैनल, वीडर काउंटर, रिले रूम, लॉक एंड ब्लॉक इंस्ट्रूमेंट, ओएफसी रूम, एक्सल काउंटर और आईपीएस रूम सहित विभिन्न संरक्षा उपकरणों की जांच की। उन्होंने विफलता रजिस्टर, अनुरक्षण रजिस्टर, रिले रूम चाबी हस्तांतरण रजिस्टर, पॉइंट्स एंड क्रॉसिंग रजिस्टर तथा स्टेशन वर्किंग रूल का भी अवलोकन किया। स्टेशन अधीक्षक एवं कर्मचारियों से सुरक्षित ट्रेन संचालन की जानकारी लेते हुए संरक्षा नियमों के कड़ाई से पालन और उपकरणों के नियमित अनुरक्षण के निर्देश दिए।
कर्मचारी कल्याण पर भी जोर
डीआरएम ने रेलवे कॉलोनी में आवास, स्वच्छता, पेयजल, नालियों, सड़कों और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया तथा जल निकासी और साफ-सफाई बेहतर करने के निर्देश दिए। मऊ आरपीएफ बैरक और सिग्नल सेक्शन इंजीनियर कार्यालय का भी निरीक्षण किया।
आशीष जैन ने कहा कि मऊ जंक्शन को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-अनुकूल बनाने की दिशा में कार्य तेजी से चल रहा है। विकास कार्य पूरे होने पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

इस अवसर पर मंडल इंजीनियर (सामान्य) लोकेश कुमार सगरवंशी, सहायक मंडल इंजीनियर (मऊ) सुनील पाण्डेय, सहायक मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर वीरेन्द्र कुमार बोनाल सहित संबंधित वरिष्ठ पर्यवेक्षक मौजूद रहे।