
सूर्योदय भारत समाचार सेवा वाराणसी : पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल अपने रेलकर्मियों एवं उनके आश्रितों के हितों तथा आर्थिक सुरक्षा के प्रति सदैव संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है एवं रेलकर्मियों के सेवाकाल में किसी अप्रिय घटना की स्थिति में उनके परिवार को नियमानुसार देय समस्त भुगतान का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के लिए मंडल रेल प्रशासन निरंतर प्रयासरत है।
इसी क्रम में सोमवार 10 अगस्त 2026 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, वाराणसी में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन द्वारा वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह तथा भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों की उपस्थिति में दिवंगत रेलकर्मी स्व. संतोष कुमार राय, कीमैन (ट्रैक मेंटेनर) की पत्नी निशु कुमारी को ‘रेलवे सैलरी पैकेज’ के अंतर्गत गोल्ड इंश्योरेंस योजना की ₹1,00,00,000/- (एक करोड़ रुपये) की बीमा राशि का चेक प्रदान किया।
ज्ञातव्य है कि रेलकर्मी स्व. संतोष कुमार राय सीवान यार्ड में ड्यूटी के दौरान गाड़ी संख्या 75103 छपरा–थावे सवारी गाड़ी की चपेट में आने से दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे। दुर्घटना के पश्चात उपचार के दौरान 19 अप्रैल 2026 को सदर अस्पताल, सीवान में उनका निधन हो गया था। उनका वेतन खाता भारतीय स्टेट बैंक, श्रीनगर, सीवान शाखा में संचालित था।
दिवंगत रेलकर्मी के निधन के उपरांत मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह के नेतृत्व में उनके परिवार को उपलब्ध कराए जाने वाले विभिन्न देयों एवं लाभों के निस्तारण की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया गया। इसके अंतर्गत ग्रेच्युटी, समूह बीमा, अवकाश नगदीकरण एवं पारिवारिक पेंशन सहित नियमानुसार देय अन्य लाभों का निस्तारण सुनिश्चित किया गया।
इसके साथ ही, भारतीय स्टेट बैंक के साथ रेलवे की ‘रेलवे सैलरी पैकेज’ (गोल्ड इंश्योरेंस) योजना के अंतर्गत उपलब्ध बीमा सुविधा के तहत दिवंगत रेलकर्मी की पत्नी निशु कुमारी को एक करोड़ रुपये की बीमा राशि का भुगतान चेक के माध्यम से किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने इस अवसर पर रेलकर्मियों के कल्याण एवं उनके परिवारों की सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा को रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि रेलवे अपने कर्मचारियों के साथ-साथ उनके परिवारजनों के हितों के प्रति भी पूरी तरह संवेदनशील है। किसी रेलकर्मी के असामयिक निधन की स्थिति में उनके आश्रितों को नियमानुसार मिलने वाले सभी लाभों का त्वरित एवं सुगम निस्तारण सुनिश्चित करना मंडल की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक, रेलवे वाराणसी कैंट शाखा के शाखा प्रबंधक राहुल, कॉरपोरेट सैलरी रिलेशनशिप मैनेजर (CSRM), वाराणसी कृष्ण मोहन पाण्डेय, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह, मुख्य कर्मचारी कल्याण निरीक्षक अजित कुमार एवं कार्यालय अधीक्षक संतोष राय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
