
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (DFCCIL) ने सप्लाई चेन मैनेजमेंट, लॉजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग से संबंधित रिसर्च, इनोवेशन एवं स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्रों में सहयोग को सुदृढ़ करने हेतु आईसीएफएआई फाउंडेशन फॉर हायर एजुकेशन (IFHE), हैदराबाद के साथ एक मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) पर हस्ताक्षर किए।
यह एमओयू श्री प्रवीण कुमार, मैनेजिंग डायरेक्टर, डीएफसीसीआईएल की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस समझौते पर औपचारिक रूप से श्री शोभित भटनागर, डायरेक्टर (ऑपरेशंस एंड बिजनेस डेवलपमेंट), डीएफसीसीआईएल तथा डॉ. तम्मा कोटी रेड्डी, वाइस चांसलर, आईएफएचई द्वारा हस्ताक्षर किए गए।

एस. पी. वर्मा, जीजीएम/बीडी एंड बीए द्वारा आयोजित इस एमओयू हस्ताक्षर समारोह में अनुराग शर्मा, डायरेक्टर/इन्फ्रास्ट्रक्चर; पवन के. राय, डायरेक्टर/प्रोजेक्ट प्लानिंग; बी. मुगुन्थन, डायरेक्टर/फाइनेंस; प्रमोद कुमार, सीवीओ; प्रफुल चंद्र पांडेय, ईडी/सिस्टम; रोशन सिंह, जीएम/ओपी एंड बीडी; तथा नगेंद्र एस. बिष्ट, जेजीएम/बीडी एंड पीआर उपस्थित रहे। आईसीएफएआई फाउंडेशन फॉर हायर एजुकेशन की ओर से डॉ. एम. साई नाथ, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर; सीए. सी.वी. चैनुलु विश्वनाथ, एडवाइजर; डॉ. सी. राधा मोहन, डीन; तथा श्री श्री रवि कुमार गुज्जला भी इस हस्ताक्षर समारोह में उपस्थित रहे।
डीएफसीसीआईएल, जो इंटरनेशनल हेवी हॉल एसोसिएशन का सदस्य है, ने लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्टेशन सिस्टम्स एवं उभरती प्रौद्योगिकियों में आईसीएफएआई फाउंडेशन फॉर हायर एजुकेशन के सशक्त रिसर्च-आधारित इकोसिस्टम को ध्यान में रखते हुए यह सहयोग स्थापित किया है। संस्थान अपनी तकनीकी अनुसंधान पहलों, जिनमें आईसीएफ़एआई टेक (IcfaiTech) भी शामिल है, के माध्यम से रोबोटिक्स, एआई, डेटा एनालिटिक्स एवं व्हीकल डायनेमिक्स जैसे क्षेत्रों में विशेष कार्य कर रहा है, जिनका उपयोग आधुनिक रेलवे प्रौद्योगिकियों में किया जा सकता है। विशेषज्ञता के ये क्षेत्र आधुनिक रेलवे तकनीकों, स्मार्ट फ्रेट ऑपरेशंस तथा भारत के लॉजिस्टिक्स एवं ट्रांसपोर्टेशन इन्फ्रास्ट्रक्चर के भविष्य के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि दोनों संगठन सप्लाई चेन मैनेजमेंट, लॉजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग से संबंधित रिसर्च, इनोवेशन, टेक्नोलॉजी इंटीग्रेशन एवं प्रोफेशनल स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्रों में सहयोगात्मक पहलों के लिए एक दीर्घकालिक रूपरेखा विकसित करने की दिशा में कार्य करेंगे। यह साझेदारी इंडस्ट्री-अकादमिक सहयोग को सुदृढ़ करने तथा फ्रेट ट्रांसपोर्टेशन एवं लॉजिस्टिक्स सेक्टर में उभरती चुनौतियों एवं अवसरों के समाधान हेतु रिसर्च-आधारित समाधानों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है।

स्किल इंडिया मिशन की परिकल्पना के अनुरूप, यह सहयोग डीएफसीसीआईएल के कार्मिकों के लिए विशेष अल्पकालिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों, एग्जीक्यूटिव डेवलपमेंट मॉड्यूल्स एवं उभरती प्रौद्योगिकियों पर सर्टिफिकेशन कोर्सेस के डिज़ाइन एवं संचालन पर केंद्रित रहेगा, जिससे उद्योग-संबंधित कौशल एवं तकनीकी क्षमताओं से युक्त भविष्य के लिए तैयार कार्यबल के विकास को समर्थन मिलेगा।
अधिकारियों ने आगे बताया कि दोनों संस्थान संयुक्त रूप से वर्कशॉप्स, सेमिनार्स, कॉन्फ्रेंसेस, इनोवेशन फोरम्स एवं नॉलेज-शेयरिंग सेशंस का आयोजन करेंगे, जिससे रिसर्च निष्कर्षों, तकनीकी विशेषज्ञता, इंडस्ट्री इनसाइट्स एवं वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान को प्रोत्साहन मिलेगा।