उप मुख्यमंत्री मौर्य ने झांसी में किया ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ

बालेंदु गुप्ता – राहुल यादव, झांसी/ लखनऊ : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार झांसी जनपद के भ्रमण के दौरान प्रदेशव्यापी ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित 35 करोड़ पौधारोपण के ऐतिहासिक लक्ष्य को सफल बनाने का आह्वान करते हुए जन-जन से अधिकाधिक सहभागिता की अपील की।

अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाभियान से प्रेरित यह वृक्षारोपण महायज्ञ केवल पौधे लगाने का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को इस महाअभियान का सहभागी बनकर प्रकृति संरक्षण का दायित्व निभाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने तथा गांवों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। स्वयं सहायता समूह आज ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन के सबसे बड़े माध्यम बन चुके हैं और सरकार उन्हें हर स्तर पर आर्थिक एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध करा रही है।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने झांसी जनपद के विकास खंड बड़ागांव सहित पूरे जिले के स्वयं सहायता समूहों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत वित्तीय सहायता प्रदान की। सामुदायिक निवेश निधि (Community Investment Fund) के अंतर्गत ग्राम भोजला की श्रीमती रेखा (झलकारीबाई स्वयं सहायता समूह) एवं ग्राम बेहटा की श्रीमती देवकुंवर (जय रतनगढ़वाली स्वयं सहायता समूह) सहित 110 स्वयं सहायता समूहों को प्रति समूह 1.50 लाख रुपये की दर से कुल 1.65 करोड़ रुपये के डेमो चेक वितरित किए गए।

इसी प्रकार रिवॉल्विंग फंड योजना के अंतर्गत ग्राम जोरीबुजुर्ग की श्रीमती सोनू सबिता (जय अशो माता स्वयं सहायता समूह) तथा डिमरौनी की श्रीमती सीता (राधा स्वयं सहायता समूह) सहित 277 स्वयं सहायता समूहों को प्रति समूह 30 हजार रुपये की दर से कुल 83.10 लाख रुपये के डेमो चेक प्रदान किए गए।

महिला सशक्तिकरण को नई गति प्रदान करते हुए स्वयं सहायता समूहों की विद्युत सखियों को डिजिटल कार्यों के लिए थर्मल प्रिंटर वितरित किए गए। इस अवसर पर श्रीमती रवीता, श्रीमती बबीता, राजकुमारी एवं ज्योति को थर्मल प्रिंटर प्रदान किए गए।

उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को उनके नए आवासों की चाबियां भी वितरित कीं। इस अवसर पर श्रीमती मनीषा, श्रीमती कुसमा, श्रीमती पांचो, श्रीमती भगिया तथा श्रीमती मीना को आवास की चाबियां प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत हिमांशु चौरसिया, फिजा तथा रमेश चन्द्र को आयुष्मान कार्ड वितरित किए और कहा कि यह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत आधार बन चुकी है।

बाल विकास एवं पोषण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों श्रीमती नीलम साहू एवं श्रीमती रीना देवी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। ग्रामीण विकास में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वीबी जी-राम जी रोजगार सेवकों में रामबाबू, बृजेन्द्र प्रताप राना एवं मनोज कुमार को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सहजन पौध वितरण एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले ग्राम प्रधानों को भी सम्मानित किया गया। विकास खंड गुरसराय के ग्राम गुढ़ा निपान, लिधौरा तथा भस्नेह सहित संबंधित ग्राम पंचायतों में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए। इस अवसर पर ग्राम प्रधान मनोज कुमार (भोजला), श्रीमती रश्मि शुक्ला (बमनुआ) तथा बलबीर वर्मा (मानपुर) को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे 35 करोड़ पौधरोपण के इस ऐतिहासिक हरित अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को जन-आंदोलन बनाएं।

इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल, उत्तर प्रदेश उपभोक्ता सहकारी संघ लिमिटेड के सभापति (दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री) जमुना प्रसाद कुशवाहा, महापौर बिहारी लाल आर्य, विधान परिषद सदस्य डॉ. बाबूलाल तिवारी एवं रामतीर्थ सिंघल, विधायकगण राजीव सिंह ‘पारीछा’, जवाहर लाल राजपूत, डॉ. रश्मि आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, अन्य जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button