
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, बरेली : रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार और मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में इज्जतनगर मंडल पर दो दिवसीय ‘स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी और साफ-सुथरा सार्वजनिक परिसर’ अभियान शुरू किया गया है. “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” थीम पर आधारित इस विशेष अभियान के तहत मंडल के प्रमुख स्टेशनों—पीलीभीत, काठगोदाम, हल्द्वानी, लालकुआं, काशीपुर, बरेली सिटी, इज्जतनगर और कासगंज आदि में व्यापक सफाई की जा रही है.
अभियान के अंतर्गत प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, सर्कुलेटिंग एरिया, शौचालय और फुट ओवरब्रिज (FOB) की गहन सफाई सुनिश्चित की जा रही है. ट्रेनों के कोचों की आंतरिक व बाह्य सफाई, कूड़ा एकत्रीकरण और शौचालयों की स्वच्छता की अधिकारी नियमित निगरानी कर रहे हैं. इस कार्य में गैर-सरकारी संगठन (NGOs) भी सक्रिय सहयोग दे रहे हैं.
यात्रियों को जागरूक करने के लिए स्टेशनों पर घोषणाओं और पोस्टरों के माध्यम से कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में डालने की अपील की जा रही है. इसके साथ ही मंडल के सभी कार्यालयों में क्लीन डेस्क, पेपरलेस वर्क और बैठकों में दोबारा उपयोग होने वाली (रियूजेबल) बोतलों व कपों के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जा रहा है. सफाई कर्मचारियों को पीपीई (PPE) किट उपलब्ध कराकर मशीनों की कार्यक्षमता भी जांची जा रही है.