सीडीएस जनरल एन एस राजा सुब्रमणि ने किया लखनऊ मध्य कमान का दौरा; मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की मुलाकात

अशोक यादव, लखनऊ : चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एन एस राजा सुब्रमणि ने मुख्यालय मध्य कमान (सेंट्रल कमांड) का दौरा कर सेना की ऑपरेशनल तैयारियों और लॉजिस्टिक्स क्षमताओं का व्यापक जायजा लिया। दौरे के दौरान उन्होंने सेंट्रल कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता और अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ बदलते सुरक्षा परिवेश और क्षमता विकास पर रणनीतिक चर्चा की।

सीडीएस ने लखनऊ में निर्माणाधीन नए सेंट्रल कमांड अस्पताल का भी स्थलीय निरीक्षण किया, जहाँ उन्हें प्रोजेक्ट की प्रगति और आधुनिक हेल्थकेयर इंफ्रास्ट्रक्चर के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

अपने इस अहम दौरे के दौरान जनरल सुब्रमणि ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार मुलाकात की। इस उच्च स्तरीय बैठक में सशस्त्र बलों और राज्य सरकार के बीच निरंतर आपसी तालमेल को मजबूत करने पर विचार-विमर्श हुआ। इस मुलाकात ने राष्ट्रीय सुरक्षा और विकासात्मक लक्ष्यों को गति देने के लिए सेना व नागरिक प्रशासन के बीच करीबी सहयोग के महत्व को और अधिक रेखांकित किया।

Related Articles

Back to top button