
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ एवं चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय (सीबीएलयू), भिवानी के मध्य वर्चुअल माध्यम से एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। एमओयू हस्ताक्षर समारोह में बीबीएयू के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल तथा सीबीएलयू की कुलपति प्रो. दीप्ति धर्माणी की गरिमामयी उपस्थिति रही। एमओयू पर बीबीएयू के कुलसचिव डॉ. अश्विनी कुमार सिंह एवं सीबीएलयू की कुलसचिव प्रो. भावना शर्मा ने औपचारिक रूप से हस्ताक्षर किए।
इस एमओयू का उद्देश्य दोनों विश्वविद्यालयों के बीच शैक्षणिक सहयोग को सुदृढ़ बनाना है। इसके अंतर्गत शैक्षिक मल्टीमीडिया अनुसंधान केंद्र (ईएमआरसी), लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (एलएमएस) तथा मैसिव ओपन ऑनलाइन कोर्सेज (एमओओसी) के माध्यम से पारस्परिक ऑनलाइन व्याख्यानों को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही कौशल विकास, उद्यमिता, नवाचार तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन के क्षेत्रों में सहयोग स्थापित कर समाज के समग्र विकास में योगदान दिया जाएगा। साथ ही दोनों विश्वविद्यालयों की आपसी सहमति के अनुसार इस सहयोग के अंतर्गत शैक्षणिक संसाधनों का आदान-प्रदान किया जाएगा तथा इस व्यवस्था के कारण किसी भी विश्वविद्यालय पर कोई अतिरिक्त वित्तीय दायित्व नहीं आएगा।
इस अवसर पर बीबीएयू की ओर से प्रो. राम चंद्रा, प्रो. शिल्पी वर्मा, प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा, प्रो. सुभाष मिश्रा, प्रो. धीरेंद्र पांडेय एवं डॉ. सुदर्शन चक्रधारी उपस्थित रहे। वहीं सीबीएलयू की ओर से प्रो. दिनेश मदान, प्रो. संजीव, प्रो. सुरेंद्र कौशिक, प्रो. पवन गुप्ता, प्रो. ललिता गुप्ता, प्रो. सुरेश मलिक, प्रो. मयंक किंगर तथा प्रो. नितिन बंसल ने सहभागिता की।
इस एमओयू के प्रभावी क्रियान्वयन एवं समन्वय का दायित्व प्रो. सुनीता भारतवाल एवं डॉ. अर्पित शैलेश को सौंपा गया है, जो इस साझेदारी के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक एवं संस्थागत गतिविधियों के संचालन और समन्वय का कार्य करेंगे।