
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुंबई : बंधन बैंक ने मास्टरकार्ड के सहयोग से अपने क्रेडिट कार्ड पोर्टफोलियो को लॉन्च किया है। ग्राहकों की अलग-अलग जरूरतों और खर्च करने की आदतों को ध्यान में रखते हुए बैंक ने स्पार्क्स, इग्नाइट, फ्लेयर और ल्यूमिना नाम से चार वैरिएंट पेश किए हैं। इन कार्डों में रिवॉर्ड, यात्रा, लाइफस्टाइल और मनोरंजन से जुड़े विभिन्न लाभ दिए जाएंगे।
क्रेडिट कार्ड का अनावरण बंधन बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी पार्थ प्रतिम सेनगुप्ता, मास्टरकार्ड के भारत एवं दक्षिण एशिया अध्यक्ष गौतम अग्रवाल, बंधन बैंक के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य व्यवसाय अधिकारी राजिंदर कुमार बब्बर और क्रेडिट कार्ड प्रमुख पीयूष झा सहित दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया।
स्पार्क्स कार्ड में किराना एवं परिधान पर रिवॉर्ड, वेलकम बोनस, घरेलू एयरपोर्ट लाउंज, बुकमायशो ऑफर, ईंधन अधिभार छूट और ईएमआई पर कैशबैक जैसे लाभ हैं। इग्नाइट में किराना व यात्रा खर्च पर रिवॉर्ड, वेलकम एवं माइलस्टोन रिवॉर्ड, घरेलू व अंतरराष्ट्रीय लाउंज और ईज़ीडाइनर के लाभ मिलेंगे।
फ्लेयर यात्रा केंद्रित कार्ड है, जिसमें अमेजन पे वाउचर, एयरपोर्ट लाउंज, बुकमायशो, ईज़ीडाइनर और गोल्फ संबंधी लाभ शामिल हैं। वहीं ल्यूमिना प्रीमियम कार्ड है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय खर्च पर रिवॉर्ड, ओबेरॉय गिफ्ट वाउचर, घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय लाउंज, कंसीयर्ज, एयरपोर्ट मीट-एंड-ग्रीट, बुकमायशो, ईज़ीडाइनर और गोल्फ सुविधाएं शामिल हैं।
पार्थ प्रतिम सेनगुप्ता ने कहा कि यह लॉन्च सार्वभौमिक बैंक बनने की यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। राजिंदर कुमार बब्बर ने इसे ग्राहक-केंद्रित उत्पाद पोर्टफोलियो को मजबूत करने वाला कदम बताया। गौतम अग्रवाल ने कहा कि साझेदारी बंधन बैंक की ग्राहक पहुंच और मास्टरकार्ड के वैश्विक नेटवर्क को जोड़कर आधुनिक उपभोक्ताओं के लिए सुरक्षित व सहज भुगतान समाधान उपलब्ध कराएगी।
ग्राहक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या नजदीकी बंधन बैंक शाखा में संपर्क कर सकते हैं। बैंक वर्तमान में 35 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में 6,400 से अधिक बैंकिंग केंद्रों के माध्यम से 3.2 करोड़ से अधिक ग्राहकों को सेवाएं दे रहा है।
