
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बी.टेक. कार्यक्रम में प्रवेश हेतु अधिसूचना जारी कर दी है। विश्वविद्यालय में बी.टेक. पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया 17 जून 2026 से प्रारंभ होगी एवं प्रवेश पूरी तरह से जेईई मेन्स स्कोर के आधार पर तथा निर्धारित पात्रता शर्तों के अधीन किया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार अभ्यर्थियों को प्रवेश पंजीकरण एवं पाठ्यक्रम विकल्प लॉक करने के लिए विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल पर 17 जून 2026 से 8 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। पंजीकरण शुल्क सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के अभ्यर्थियों के लिए 1000 रुपये तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 500 रुपये निर्धारित किया गया है।
विश्वविद्यालय के सिविल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग तथा मैकेनिकल एवं ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग विभागों में जेईई के माध्यम से कुल 150 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। प्रत्येक विभाग में 30 सीटें निर्धारित हैं। विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि जेईई मेन्स के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद कुछ सीटें रिक्त रह जाती हैं, तो उन्हें विश्वविद्यालय की आरक्षण नीति के अनुरूप सीयूईटी स्कोर के आधार पर भरी जाएंगी। शेष 50 प्रतिशत सीटों पर प्रवेश सीयूईटी मेरिट के माध्यम से किया जाएगा, जिसकी सूचना पृथक रूप से जारी की जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों को प्रवेश संबंधी नवीनतम जानकारी के लिए समय-समय पर विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट https://www.bbau.ac.in/ देखने की सलाह दी है।
