
सूर्योदय भारत समाचार सेवा : जयपुर मंडल के पलसाना रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को बढ़ाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से स्टेशन पर एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली को शुरू किया गया है। आधुनिक तकनीक से युक्त इस व्यवस्था से यात्रियों को ट्रेनों से संबंधित आवश्यक जानकारियां अब अधिक स्पष्ट और व्यवस्थित रूप से उपलब्ध होंगी।
स्टेशन पर शुरू की गई नई व्यवस्था में ट्रेन इंडिकेशन डिस्प्ले सिस्टम, कोच गाइडेंस बोर्ड और डिजिटल क्लॉक जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इनके माध्यम से यात्रियों को ट्रेन के आगमन एवं प्रस्थान, संबंधित प्लेटफॉर्म तथा कोच की स्थिति की जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
पलसाना स्टेशन शेखावाटी क्षेत्र के साथ-साथ प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्याम जी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए भी महत्वपूर्ण है। ऐसे में यात्री सूचना प्रणाली के शुरू होने से स्थानीय यात्रियों के साथ दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को भी स्टेशन पर आवागमन संबंधी जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी।

रेलवे के इस कदम से यात्रियों को ट्रेन के इंतजार के दौरान सही सूचना समय पर प्राप्त हो सकेगी और प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भागदौड़ एवं भ्रम की स्थिति में भी कमी आएगी। आधुनिक यात्री सुविधाओं के विस्तार से पलसाना स्टेशन का यात्री अनुभव अधिक सुगम, सुविधाजनक और व्यवस्थित होने की उम्मीद है।
उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा स्टेशनों पर चरणबद्ध रूप से यात्री सुविधाओं को आधुनिक बनाने का कार्य जारी है। पलसाना स्टेशन पर एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली की शुरुआत इसी दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है।
