
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ के विधि विभाग के प्रो बोनो क्लब की ओर से 29 नवंबर को सरोजनी नगर स्थित ग्राम ठकुराइन खेड़ा, पोस्ट माती में विधिक जागरूकता एवं सर्वेक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के संरक्षण एवं विधि विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. सूफिया अहमद के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को उनके कानूनी अधिकारों, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना और उनकी सामाजिक एवं कानूनी समस्याओं की जानकारी प्राप्त करना था।
इस अवसर पर प्रो बोनो क्लब की समन्वयक प्रो. सूफिया अहमद ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विधि शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके माध्यम से विधि के विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है और समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है।
कार्यक्रम के अंतर्गत बीबीए.एलएल.बी. (ऑनर्स) के छात्र-छात्राओं ने गांव में घर-घर जाकर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं का सर्वेक्षण किया। विद्यार्थियों ने आयुष्मान भारत कार्ड, किसान कार्ड, आधार कार्ड, राशन कार्ड सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित दस्तावेजों की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही ग्रामीणों से लंबित मुकदमों, न्यायालयीन मामलों, आपसी विवादों और अन्य कानूनी समस्याओं पर भी चर्चा की।
विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, संभावित विधिक समाधान तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में प्राथमिक जानकारी दी।
इस पहल के माध्यम से ग्रामीणों की वास्तविक समस्याओं को समझने और उन्हें न्याय एवं विधिक सहायता की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में विधि विभाग के शिक्षकगण एवं प्रो बोनो क्लब के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।