बीबीएयू के डॉ. अंशुल अग्रवाल को तकनीकी नवाचार के लिए मिला भारत सरकार का पेटेंट

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (UIET) के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अंशुल अग्रवाल को महत्वपूर्ण तकनीकी नवाचार के लिए भारत सरकार के पेटेंट कार्यालय द्वारा पेटेंट प्रदान किया गया है। उन्हें ‘A Dual Gain Pseudo Squared Buck-Boost Converter and a Method Thereof’ शीर्षक से पेटेंट प्राप्त हुआ है, जो पेटेंट संख्या 610943 के अंतर्गत पंजीकृत है।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आर.के. मित्तल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ. अंशुल अग्रवाल एवं उनकी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने इसे विश्वविद्यालय में शोध, नवाचार और तकनीकी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इस प्रकार के अनुसंधान से उच्च शिक्षा संस्थानों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और तकनीकी दक्षता को बढ़ावा मिलता है।

डॉ. अंशुल अग्रवाल द्वारा विकसित इस तकनीक में ड्यूल गेन स्यूडो स्क्वेयर्ड बक-बूस्ट कन्वर्टर और उससे संबंधित विधि शामिल है। यह विद्युत एवं इलेक्ट्रॉनिक्स अभियांत्रिकी के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण नवाचार है, जिसके लिए उन्हें पेटेंट प्रदान किया गया है।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कुलपति प्रो. आर.के. मित्तल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निरंतर प्रोत्साहन, मार्गदर्शन और प्रेरणा से शोध कार्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण सहायता मिली। उन्होंने अपने सहयोगियों एवं मार्गदर्शकों का भी विशेष रूप से आभार जताया।

डॉ. अग्रवाल ने एबीवी-आईआईआईटीएम, ग्वालियर के निदेशक प्रो. एस.एन. सिंह तथा एनआईटी दिल्ली के सहायक प्रोफेसर डॉ. शुभम कुमार सिंह के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों विशेषज्ञों के तकनीकी मार्गदर्शन, बहुमूल्य सुझावों और निरंतर सहयोग से यह शोध कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण हो सका। विश्वविद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि को संस्थान की शोध एवं नवाचार संबंधी उपलब्धियों में महत्वपूर्ण योगदान बताया।

Related Articles

Back to top button