लखनऊ जनपद न्यायालय में विशेष लोक अदालत का आयोजन, लंबित ट्रैफिक चालानों का हुआ निस्तारण

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत न्यायालयों में लंबित यातायात चालानों से संबंधित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए शनिवार, 28 नवंबर 2026 को जनपद न्यायालय, लखनऊ में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य वाहन चालकों को सुगम न्याय उपलब्ध कराने के साथ लंबित चालान वादों का आपसी सहमति के आधार पर शीघ्र निस्तारण करना था।

माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आयोजित इस विशेष लोक अदालत की अध्यक्षता प्रभारी जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री जैनेन्द्र कुमार पांडेय ने की। उनके मार्गदर्शन में कार्यक्रम का संचालन किया गया।

विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन में अपर जिला जज एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी श्री प्रकाश तिवारी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती सोनाली पूनिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती सोनाली पूनिया ने बताया कि विशेष लोक अदालत को लेकर वादकारियों में काफी उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग जनपद न्यायालय पहुंचे और अपने लंबे समय से लंबित यातायात चालानों का निस्तारण कराया।

उन्होंने बताया कि इस तरह के विशेष आयोजनों का उद्देश्य आम नागरिकों को सरल, सुलभ और कम समय में न्याय उपलब्ध कराना है। मोटर वाहन अधिनियम से जुड़े लंबित मामलों के निस्तारण से न्यायालयों में मुकदमों का बोझ कम करने और आम जनता को राहत पहुंचाने में भी मदद मिलती है।

विशेष लोक अदालत के आयोजन से यातायात चालान संबंधी मामलों के निस्तारण के लिए वाहन चालकों को एक विशेष अवसर प्राप्त हुआ।

Related Articles

Back to top button