डीजीएमएस लेफ्टिनेंट जनरल सीजी मुरलीधरन ने किया एएमसी सेंटर का दौरा, बताई आधुनिक युद्ध में सैन्य चिकित्सा की भूमिका

अशोक यादव, लखनऊ : डायरेक्टर जनरल मेडिकल सर्विसेज (आर्मी) एवं कर्नल कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल सीजी मुरलीधरन, एवीएसएम ने 27 से 28 नवंबर 2026 तक लखनऊ छावनी स्थित आर्मी मेडिकल कोर (एएमसी) सेंटर एवं कॉलेज का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सैन्य चिकित्सा सेवाओं, प्रशिक्षण और आधुनिक युद्ध की चुनौतियों पर महत्वपूर्ण विचार साझा किए।

दौरे की शुरुआत में लेफ्टिनेंट जनरल मुरलीधरन ने ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले आर्मी मेडिकल कोर के वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने युद्ध स्मारक ‘श्रद्धांजलि’ पर पुष्पचक्र चढ़ाकर शहीदों को नमन किया। इस अवसर पर एएमसी सेंटर एवं कॉलेज के कमांडेंट एवं एएमसी अभिलेख प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल जे. देबनाथ उपस्थित रहे।

इसके बाद ओटीसी परेड ग्राउंड में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने लेफ्टिनेंट कर्नल अमित चोपड़ा के नेतृत्व वाले गार्ड का निरीक्षण किया। समारोह में सेना के मेडिकल एवं डेंटल अधिकारी, नर्सिंग सर्विसेज के सदस्य, जेसीओ, जवान और प्रशिक्षु शामिल हुए।

लेफ्टिनेंट जनरल मुरलीधरन ने ‘युद्ध का बदलता स्वरूप : नए प्रतिमान, अभिनव समाधान’ विषय पर आयोजित कंटीन्यूइंग मेडिकल एजुकेशन (सीएमई) के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया।

उन्होंने आधुनिक युद्ध की बदलती परिस्थितियों के अनुरूप सैन्य चिकित्सा सेवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में आधुनिक युद्ध में ड्रोन की क्षमताओं का प्रदर्शन भी किया गया।

लखनऊ गैरीसन में आयोजित विशेष सैनिक सम्मेलन में उन्होंने चिकित्सा एवं डेंटल अधिकारियों, सैनिकों और असैन्य कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने एएमसी के उच्च प्रशिक्षण एवं स्वास्थ्य सेवा मानकों की सराहना करते हुए अत्याधुनिक तकनीक और आधुनिक सैन्य चिकित्सा अवधारणाओं को अपनाने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button