
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : संविधान गौरव दिवस के अवसर पर गुरुवार को छत्रपति शाहू जी महाराज शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान, भागीदारी भवन, लखनऊ में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आम्बेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा भारतीय संविधान को नमन करने के साथ हुआ। इसके बाद राष्ट्रगीत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय संविधान की ऐतिहासिक यात्रा, विशेषताओं एवं मूल भावना पर आधारित पीपीटी प्रस्तुत की गई। साथ ही संविधान के महत्व और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उसकी भूमिका को दर्शाती लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।

इस अवसर पर राज्यमंत्री असीम अरुण ने कहा कि संविधान के मूल आदर्शों और बाबा साहब डॉ. भीमराव आम्बेडकर के विचारों को आत्मसात करते हुए हमारा समाज सामाजिक न्याय के परिवर्तनकारी दौर में प्रवेश करेगा। संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता और न्याय के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और न्याय, स्वतंत्रता, समता तथा बंधुता के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर अतिथियों को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र, संविधान की प्रति एवं बाबा साहब डॉ. भीमराव आम्बेडकर की कांस्य प्रतिमा भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ, सामाजिक समरसता और सामाजिक न्याय की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। आयोजन का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
