गुजरात की उद्यमशीलता और यूपी की आर्थिक क्षमता मिलकर बनाएगी विकसित भारत की राह – शर्मा

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने गुरुवार को लखनऊ के हिल्टन होटल में आगामी 10 से 12 जनवरी, 2027 तक आयोजित होने वाले ‘वाइब्रेंट गुजरात-2027’ के दृष्टिगत आयोजित रोड-शो एवं निवेश प्रोत्साहन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। गुजरात सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री रमनभाई सोलंकी की उपस्थिति में उन्होंने उद्योगपतियों और निवेशकों को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।

शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वर्ष 2047 तक विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए सभी राज्यों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। गुजरात की उद्यमशीलता, औद्योगिक संस्कृति और उत्तर प्रदेश की व्यापक आर्थिक क्षमता का समन्वय देश के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है। उन्होंने कहा कि वाइब्रेंट गुजरात केवल गुजरात का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे देश की आर्थिक समृद्धि का मंच है।

मंत्री ने गुजरात में अपने प्रशासनिक कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने निवेशकों को विश्वास, सुरक्षा, सुविधाएं और नीतिगत सहयोग उपलब्ध कराकर गुजरात को वैश्विक निवेश केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था, सड़क, बिजली, पेयजल, सीवरेज और परिवहन जैसी आधारभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार हुआ है। निवेशपरक नीतियों से प्रदेश में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है।

शर्मा ने निवेशकों से गुजरात की उद्यमशीलता से सीख लेकर उत्तर प्रदेश में निवेश और कारोबार का विस्तार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उद्योगों की स्थापना और संचालन में हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में यूपी नेडा के निदेशक रविंद्र कुमार, दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी, औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि, उद्यमी एवं निवेशक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button