संविधान दिवस पर पुरातत्व निदेशालय में हुआ प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, संवैधानिक मूल्यों के पालन का लिया संकल्प

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : संविधान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व निदेशालय, लखनऊ में भारतीय संविधान के प्रति सम्मान, आस्था एवं प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने अपने संदेश में कहा कि हमारा संविधान केवल एक लिखित दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह हमारे अधिकारों का संरक्षक और लोकतंत्र का सजग प्रहरी है। संविधान में नागरिकों के अधिकारों के संरक्षण के साथ-साथ समस्त देशवासियों के कल्याण की भावना भी निहित है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम में निदेशालय की निदेशक श्रीमती रेनू द्विवेदी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया। उन्होंने सभी को संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों के अनुरूप आचरण करने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति पूर्ण निष्ठा बनाए रखने की शपथ दिलाई।

इस दौरान संविधान की प्रस्तावना में उल्लेखित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के मूल सिद्धांतों को जीवन में आत्मसात करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही सभी ने अपने दायित्वों एवं कर्तव्यों का निर्वहन संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों में संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक चेतना तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करना रहा। इस अवसर पर निदेशालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button