
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (IRITM), लखनऊ और चार्टर्ड इंस्टीट्यूट ऑफ लॉजिस्टिक्स एंड ट्रांसपोर्ट इंडिया (CILT India) के बीच प्रशिक्षण, अनुसंधान, ज्ञान के आदान-प्रदान और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी का उद्देश्य रेलवे एवं लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में पेशेवर दक्षताओं को विकसित करना और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप कुशल कार्यबल तैयार करना है।
समझौता ज्ञापन के तहत दोनों संस्थान संयुक्त रूप से प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशालाएं, सेमिनार और औद्योगिक भ्रमण आयोजित करेंगे। इसके साथ ही प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों का विकास, शैक्षणिक गतिविधियों का विस्तार तथा विशेषज्ञता एवं ज्ञान साझा करने जैसी पहल भी की जाएंगी।
इस समझौते पर CILT इंडिया के महासचिव संजीव गर्ग तथा IRITM के महानिदेशक एवं CRIS के प्रबंध निदेशक जी.वी.एल. सत्य कुमार ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर IRITM, CILT इंडिया और CRIS के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
समझौते के माध्यम से दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक एवं व्यावसायिक सहयोग को संस्थागत स्वरूप मिलेगा। संयुक्त प्रशिक्षण और कार्यशालाओं के जरिए रेलवे तथा परिवहन क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों एवं पेशेवरों को नवीन तकनीकों, प्रबंधन प्रक्रियाओं और लॉजिस्टिक्स से संबंधित विषयों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
इस साझेदारी से प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार, अनुसंधान गतिविधियों के विस्तार और विशेषज्ञों के अनुभवों के आदान-प्रदान को भी प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही रेलवे और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप मानव संसाधन विकसित करने में सहायता मिलेगी।
IRITM प्रशासन के अनुसार, यह समझौता संस्थागत सहयोग को मजबूत करने के साथ परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में ज्ञान आधारित कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे संबंधित क्षेत्र में कुशल, प्रशिक्षित और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार कार्यबल विकसित करने में योगदान मिलेगा।
