
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : पश्चिम मध्य रेल द्वारा यात्री सुविधाओं के विस्तार और रेल संपर्क को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जबलपुर मंडल के अंतर्गत अक्टूबर माह में तीन नए स्टेशनों चुरहट, देवेंद्र नगर और फुलवारी को यात्री यातायात के लिए शुरू किया गया है। इनमें रीवा-सिंगरौली रेलखंड पर चुरहट तथा सतना-पन्ना रेलखंड पर देवेंद्र नगर और फुलवारी स्टेशन शामिल हैं।
रेल प्रशासन के अनुसार, इन तीनों स्टेशनों को यात्री सुविधाओं की दृष्टि से एनएसजी-6 श्रेणी में वर्गीकृत किया गया है। इनके शुरू होने से आसपास के गांवों और कस्बों के लोगों को आवागमन के लिए बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी। इससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ स्थानीय नागरिकों को काफी सहूलियत मिलेगी।
इन नए स्टेशनों के शुरू होने के बाद पश्चिम मध्य रेल में यात्री यातायात के लिए संचालित स्टेशनों की कुल संख्या बढ़कर 313 हो गई है। इनमें जबलपुर मंडल के 119, भोपाल मंडल के 88 और कोटा मंडल के 106 स्टेशन शामिल हैं।

नए स्टेशनों के माध्यम से स्थानीय लोगों की शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार से जुड़ी जरूरतों तक पहुंच आसान होगी। बेहतर रेल संपर्क से क्षेत्र के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों का आवागमन भी सुगम होगा। इससे स्थानीय होटल व्यवसाय, परिवहन सेवाओं और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्रों और स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में भी रेल सुविधा सहायक बनेगी। इससे व्यापारिक गतिविधियों और निवेश की संभावनाओं को प्रोत्साहन मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर विकसित हो सकेंगे।

पश्चिम मध्य रेल प्रशासन ने कहा कि यात्री सुविधाओं के विस्तार, रेल नेटवर्क को मजबूत बनाने और क्षेत्रीय संपर्क बढ़ाने के लिए आगे भी लगातार प्रयास किए जाएंगे। इसका उद्देश्य अधिकाधिक क्षेत्रों को रेल सुविधा से जोड़कर सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति देना है।
