
सुर्यदाय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : रेल कर्मचारियों और आम नागरिकों को त्वरित आपातकालीन चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहल की गई है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. जे. चौधुरी के कुशल नेतृत्व में मंडल चिकित्सालय, वाराणसी में ‘विश्व ट्रॉमा दिवस’ के अवसर पर एक उच्चस्तरीय तकनीकी सेमिनार का मुस्तैद आयोजन किया गया।

सेमिनार में वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी एवं सर्जन डॉ. अनिल यादव ने “ट्रॉमा रोगी के केस का प्रबंधन कैसे करें” विषय पर मुख्य व्याख्यान दिया। उन्होंने दुर्घटनाओं से प्रभावित मरीजों के त्वरित उपचार, गोल्डन आवर में प्रारंभिक आकलन तथा आपातकालीन विधिक चिकित्सा प्रबंधन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस गरिमापूर्ण चिकित्सकीय सत्र में अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कल्पना दूबे, डॉ. ए. के. सिंह, डॉ. नीरज कुमार तथा सहायक मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. ममता कुमारी सहित मंडल के अन्य सभी वरिष्ठ चिकित्सक एवं पैरामेडिकल कर्मचारी मुस्तैदी से उपस्थित रहे।
