भोपाल में 146 करोड़ से बनेगा वंदे भारत ट्रेनों का अत्याधुनिक मेंटेनेंस डिपो, सितंबर 2027 तक पूरा होगा काम

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल में वंदे भारत ट्रेनों के अनुरक्षण और रखरखाव की सुविधाओं को आधुनिक बनाने के लिए भोपाल कोच फैक्ट्री परिसर में अत्याधुनिक मेंटेनेंस डिपो का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। रेलवे बोर्ड ने इस परियोजना को 7 अक्टूबर 2025 को मंजूरी दी थी। निर्माण कार्य 13 जून 2026 से शुरू हुआ है और इसे सितंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

146 करोड़ की लागत से बनेंगी छह अनुरक्षण लाइनें

परियोजना के प्रथम चरण में लगभग 146 करोड़ रुपये की लागत से छह नई अनुरक्षण लाइनें विकसित की जा रही हैं। इनके तैयार होने के बाद वंदे भारत ट्रेनों का आवधिक निरीक्षण और मध्यम एवं दीर्घकालीन अनुरक्षण भोपाल में ही किया जा सकेगा। वर्तमान में रानी कमलापति स्थित डिपो में इन ट्रेनों का केवल साप्ताहिक निरीक्षण किया जाता है। नई सुविधा शुरू होने से ट्रेनों के रखरखाव की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

एलएचबी कोचों के रखरखाव की सुविधा भी बढ़ेगी

इस परियोजना के अंतर्गत एलएचबी रेकों के नियमित अनुरक्षण के लिए दो नई पिट लाइनों के निर्माण का भी प्रस्ताव है। इससे मौजूदा अनुरक्षण सुविधाओं पर दबाव कम होगा और अधिक ट्रेनों के रखरखाव का रास्ता साफ होगा।

निर्माण कार्य तेजी से जारी

डिपो परिसर में विभिन्न निर्माण कार्य प्रगतिरत हैं। इनमें वाशिंग पिट की मध्य दीवार और साइड फुटिंग की कास्टिंग, प्रशासनिक भवन का निर्माण, इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग बिल्डिंग की छत तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की दीवारों का निर्माण शामिल है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, परियोजना पूरी होने के बाद भोपाल में वंदे भारत और एलएचबी रेकों के रखरखाव के लिए आधुनिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे अनुरक्षण क्षमता बढ़ने के साथ रेल परिचालन की दक्षता, समयबद्धता और रखरखाव व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Back to top button