बीबीएयू में निकली साइकिल रैली, नशामुक्ति और फिटनेस संदेश

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में 22 नवंबर को ‘संडेज ऑन साइकिल’, ‘नशा मुक्त अभियान’ और ‘फिट इंडिया कैंपेन’ के तहत साइकिल रैली का आयोजन किया गया। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स सेक्शन, नशा मुक्ति समिति, उन्नत भारत अभियान (UBA), आईबीएसबी समिति और राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) यूनिट ने संयुक्त रूप से सहभागिता की।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय की कार्यवाहक कुलपति प्रो. सुनीता मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया। रैली में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने साइकिलिंग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, शारीरिक सक्रियता बढ़ाने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।

इस अवसर पर प्रो. सुनीता मिश्रा ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और जीवन में सकारात्मक आदतें विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से बचकर अपने स्वास्थ्य, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने नियमित व्यायाम और फिटनेस के महत्व पर जोर देते हुए साइकिलिंग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।

प्रो. मिश्रा ने कहा कि नियमित साइकिल चलाना शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक है। इससे प्रदूषण कम करने और स्वच्छ वातावरण बनाने में योगदान मिलता है।

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. मनोज कुमार धड़वाल ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और विभिन्न समितियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

रैली के माध्यम से विश्वविद्यालय परिसर में फिटनेस, स्वास्थ्य जागरूकता और नशामुक्ति का संदेश प्रसारित किया गया। कार्यक्रम ने युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के लिए भी प्रेरित किया।

Related Articles

Back to top button