परिवार की जिम्मेदारियों के बीच अपनी ख्वाहिशें भूल गया मानव, गौरव खन्ना ने उठाया जिंदगी का अहम सवाल

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुंबई : परिवार की खुशियों और जिम्मेदारियों को पूरा करते-करते कई बार इंसान अपनी इच्छाओं को पीछे छोड़ देता है। इसी अनकही सच्चाई को स्टार प्लस के नए पारिवारिक शो ‘दिल की बेवफाइयाँ’ के जरिए सामने लाने जा रहे हैं अभिनेता गौरव खन्ना। शो के नए वीडियो में गौरव अपने किरदार मानव के माध्यम से उन पुरुषों की भावनाओं को आवाज देते नजर आ रहे हैं, जो हर जिम्मेदारी निभाते हैं, लेकिन अपनी ख्वाहिशों के बारे में सोचना भूल जाते हैं।

चालीस की उम्र पार कर चुका मानव अपने परिवार की जरूरतों का पूरा ध्यान रखता है। बेटे के रूप में उसे माता-पिता की दवाइयों की चिंता रहती है, पति के तौर पर वह पत्नी के करियर को आगे बढ़ाने में सहयोग करता है और पिता के रूप में बच्चों के दाखिले से लेकर उनकी खुशियों तक की जिम्मेदारी निभाता है। परिवार की छुट्टियों की योजना बनाना भी उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

मानव को अपनों के सपने पूरे करने में खुशी मिलती है। लेकिन अपनी बकेट लिस्ट पर नजर डालने पर उसे एहसास होता है कि उसने अपनी इच्छाओं को हमेशा अगली बार के लिए टाल दिया। उसका सवाल है कि आखिर उसने आखिरी बार अपने मन का कुछ कब किया था?

एकता कपूर के इस नए पारिवारिक ड्रामा में गौरव खन्ना के साथ श्रद्धा आर्या पहली बार नजर आएंगी। दोनों मानव और जानकी की भूमिका निभा रहे हैं, जिनकी शादी को 20 साल हो चुके हैं। जहां जानकी अपनी छोटी-छोटी खुशियों में संतुष्ट है, वहीं मानव के मन में अधूरी ख्वाहिशों का एक ‘काश’ बाकी है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि मानव की अधूरी इच्छाएं उसके वैवाहिक जीवन को किस तरह प्रभावित करती हैं।

‘दिल की बेवफाइयाँ’ का प्रीमियर 24 नवंबर को रात 9 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर होगा।

Related Articles

Back to top button