एक्सिस बैंक का देशव्यापी धोखाधड़ी जागरूकता अभियान शुरू, ग्राहकों को सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग के प्रति करेगा जागरूक

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नागपुर : अंतर्राष्ट्रीय धोखाधड़ी जागरूकता सप्ताह के अवसर पर एक्सिस बैंक ने देशभर में धोखाधड़ी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इस पहल का उद्देश्य ग्राहकों को ऑनलाइन ठगी के बदलते तरीकों की जानकारी देना और सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।

बैंक अपने ‘सेफ बैंकिंग’ कार्यक्रम के तहत ‘रुकें। सोचें। पुष्टि करें। सुरक्षित रहें।’ संदेश के माध्यम से लोगों को किसी भी संदिग्ध अनुरोध की सत्यता जांचने, व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी गोपनीय रखने और अनजान संदेशों से सतर्क रहने की सलाह देगा।

अभियान के तहत बैंक शाखाओं, आवासीय परिसरों, शैक्षणिक संस्थानों, कॉर्पोरेट कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा ग्राहकों के साथ संवाद, विशेष जागरूकता सत्र, एटीएम स्क्रीन पर संदेश, सोशल मीडिया प्रचार और शैक्षणिक सामग्री के जरिए भी जानकारी पहुंचाई जाएगी।

इस अभियान में डिजिटल अरेस्ट, क्यूआर कोड के जरिए ठगी, रिमोट एक्सेस स्कैम, फर्जी एपीके फाइल, निवेश एवं टास्क आधारित धोखाधड़ी, पहचान बदलकर ठगी और बैंक खातों पर अनधिकृत कब्जे जैसे मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वरिष्ठ नागरिकों, विद्यार्थियों, कॉरपोरेट कर्मचारियों और खुदरा ग्राहकों के लिए अलग-अलग जागरूकता सत्र भी आयोजित होंगे।

एक्सिस बैंक के ग्रुप हेड एवं इंटर्नल विजिलेंस के चीफ गौरव गुप्ता ने कहा कि धोखाधड़ी के तरीके लगातार बदल रहे हैं। अपराधी तकनीक के साथ लोगों के भरोसे और व्यवहार का भी फायदा उठाते हैं। इसलिए केवल तकनीकी सुरक्षा पर्याप्त नहीं है, बल्कि ग्राहकों में जागरूकता और सतर्कता बढ़ाना भी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि बैंक का प्रयास ग्राहकों को सोच-समझकर निर्णय लेने में सक्षम बनाना और डिजिटल बैंकिंग के प्रति विश्वास मजबूत करना है। यह अभियान सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार को बढ़ावा देने के साथ व्यापक वित्तीय व्यवस्था की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

Related Articles

Back to top button